- -छठ की कढ़ाई के साथ सवामणी की कढ़ाई कर किया प्रसाद का वितरण
-12 अक्टूबर को माता रानी करेंगी प्रस्थान, 13 अक्तूबर को वापस मंदिर में करेंगी स्थान ग्रहण
-चिटाने वाली माता की कृपा से भक्तजनों का होता है कल्याण : राजीव जैन
-चिटाने वाली माता के मेले में उमड़ेगी भीड़, श्रद्धालुओं में दौड़ रही उत्साह की लहर
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। भाजपा नेता राजीव जैन ने शहर में स्थित चिटाने वाली माता के मंदिर में माता की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि माता की कृपा से भक्तों का उत्थान हो रहा है। सच्चे हृदय से की गई प्रार्थना को माता रानी अवश्य स्वीकारती हैं। चिटाने वाली माता के वार्षिक मेले को लेकर माता के भक्तों में उत्साह की लहर दौड़ रही है।
मेले के सफल आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने मंदिर में छठ की कढ़ाई के साथ सवामणी की कढ़ाई करवाते हुए प्रसाद का वितरण किया। उन्होंने बताया कि 12 अक्तूबर को माता रानी प्रात:काल 4 बजे कामी रोड स्थित रामलीला ग्राउंड के लिए प्रस्थान करेंगी। यहां प्रात: 5 बजे माता की आरती के साथ मेले का शुभारंभ किया जाएगा। तत्पश्चात् आगामी दिवस 13 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे माता रानी रामलीला ग्राउंड से रथ पर सवार होकर अपने मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगी और पुन: मंदिर में अपना स्थान ग्रहण करेंगी। माता रानी के मंदिर में वापस विराजने के साथ ही मेले का समापन होगा। यह निराली परंपरा है।
माता रानी के दर्शनों के लिए भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ता है। राजीव जैन ने कहा कि चिटाने वाली माता के मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजकों में अपार उत्साह है तो भक्तों में भी खुशी की लहर छाई हुई है। माता रानी के मेला ग्राउंड में प्रस्थान के दौरान उनके दर्शनों को जनसमूह उमड़ पड़ता है। माता रानी के भक्तों को इस दिन का बेसब्री से इंतजार रहता है। माता के दर्शन मात्र से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं और उनकी हर मनोकामना पूर्ण होती है। माता के दरबार से कभी कोई निराश नहीं जाता। माता अपने भक्तों का पूरा ध्यान रखती हैं। भाजपा नेता राजीव जैन ने चिटाने वाली माता से कामना की कि वे अपने सभी भक्तों पर सदैव अपनी कृपा व आशीर्वाद की छाया बनाये रखें।