- प्रति मिनट 200 लीटर ऑक्सीजन का करेगा उत्पादन
- हांसी में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर लोगों को उपलब्ध करवाई जाएगी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं : विनोद भयाना
- शहर के विकास के लिए राज्य सरकार ने भवन एवं सड़क निर्माण विभाग की 100 करोड़ धनराशि की विकास परियोजनाओं के प्रस्तावों को दी मंजूरी
राजेश क्वात्रा, हांसी। हांसी की स्वास्थ्य सेवाओं में वीरवार को उस समय एक नया अध्याय जुड़ गया जब विधायक विनोद भयाना ने नागरिक अस्पताल में बने ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया। जिला हांसी का यह प्रथम ऑक्सीजन प्लांट है। उद्घाटन अवसर पर भाजपा के जिला उपप्रधान अशोक कनौजिया, मंडल प्रधान अशोक ढालिया, उप प्रधान कृष्ण लूथरा, अजय भारद्वाज समेत कई पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विनोद भयाना ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट के शुरू होने से अब कोरोना की संभावित तीसरी लहर में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं रहेगी। इस ऑक्सीजन प्लांट से अस्पताल के 30 बेड़ो को जोड़ लिया गया है। दस बेड़ो को और जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
ऑक्सीजन प्लांट 24 घंटे ऑक्सीजन सप्लाई देता रहे, इसके लिए इस प्लांट को 20 लाख की राशि से स्थापित डीजल चलित जनरेटर सेट के साथ कनेक्ट किया गया है। इस प्लांट का निर्माण एचएलएल कंपनी द्वारा करवाया गया है। उन्होंने कहा कि बेडो का ऑक्सीजन प्लांट के साथ जुड़ाव होने पर अब आक्सीजन सिलेंडरों की कोई आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यह प्लांट प्रति मिनट 200 लीटर ऑक्सीजन उत्पादन करेगा। अब मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करने के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। विधायक ने कहा कि हांसी शहर के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा भवन एवं सड़क निर्माण विभाग की 100 एकड़ की विकास परियोजनाओं के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि हांसी में नया विश्राम गृह बनवाया जाएगा। नागरिक अस्पताल के जीर्णोद्धार को लेकर 4 करोड़ 61 लाख का प्रस्ताव तैयार कर भिजवा दिया गया है।
जल्द ही इसकी मंजूरी प्राप्त कर अस्पताल के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू करवाया जाएगा। लघु सचिवालय भवन पर एक मंजिल और बनवाई जाएगी। इन विकास कार्यों के अलावा कई सड़कें भी बनवाई जाएगी। उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी राहुल बुद्धि राजा से कहा कि अस्पताल की जितनी भी जरूरतें हैं उन सभी की सूची तैयार कर भिजवाए। इन सभी को पूर्ण करवा कर लोगों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाने का काम किया जाएगा। एसएमओ की मांग पर विधायक ने अस्पताल में आंखों की जांच के लिए एक मशीन, रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति करवाने की बात भी कही। विधायक ने कहा कि अस्पताल में किसी भी चिकित्सा उपकरण, डॉक्टरों व अन्य किसी भी चीज की कमी नहीं रहने दी जाएगी। इस अवसर पर नागरिक अस्पताल के कई डॉक्टर तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।