शहर की सभी सड़कों के निर्माण कार्य की भी जल्द होगी शुरुआत
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। रविवार को नगर निगम सोनीपत द्वारा निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 3 करोड़ 46 लाख 17 हज़ार रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। वार्ड नं 14 के बैय्यांपुर खुर्द में 90 लाख की धनराशि से इंटरलॉकिंग टाइलों से बनने वाली 7 गलियों के निर्माण कार्य का विधिवत रूप से रिबन काटकर उद्धघाटन मेयर निखिल मदान द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि बैय्यांपुर की सभी कच्चे रास्तों और गलियों को जल्द ही पक्का किया जाएगा। मेयर निखिल मदान ने कहा कि अब बारिश का मौसम चला गया है और अब उनकी प्राथमिकता यही है कि जितने भी विकास कार्य रुके हुए थे उन सबको जल्द से जल्द शुरू करवाकर पूरा किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। इसके उपरांत मेयर निखिल मदान वार्ड नं 19 पहुंचे, जहां मयूर विहार कॉलोनी की गली नं 14 से गली नं 19 तक कि गलियों को 1 करोड़ 30 लाख की धनराशि से सीमेंटेड कंक्रीट से बनाया जाएगा।
वहीँ वार्ड नं 18 के श्याम नगर में विभिन्न गलियों में सीवरेज लाइन डालने और गली पक्की करने का कार्य 47 लाख 51 हज़ार की धनराशि से नगर निगम द्वारा शुरू किया। इसी तरह वेस्ट राम नगर की पत्थर वाली गली के इंटरलॉकिंग टाइलों द्वारा पक्के करने के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इस कार्य पर नगर निगम सोनीपत द्वारा 20 लाख 18 हज़ार की धनराशि खर्च की जाएगी। कॉलोनी की बुजुर्ग महिला रुक्मिणी देवी द्वारा नारियल फोड़ कर गली निर्माण का कार्य शुरु करवाया गया। विकास कार्यों के क्रम को आगे बढ़ाते हुए प्रेम नगर ककरोई रोड़ पर और सेक्टर 14 में भी इंटरलॉकिंग टाइलों से गलियों के पक्के होने के कार्यों को शुरू करवाया गया। उन्होंने कहा कि उनका शुरू से ही यही प्रयत्न है कि सोनीपत में विकास कार्यों की गति कम न हो और सभी विकास कार्यों को तय समय मे पूरा किया जाए।