- -पूर्व मीडिया सलाहकार ने मंडल सदस्यों के साथ रेलवे पुलिस के अधिकारियों से की बातचीत
-संकीर्तन मंडल व रेलवे पुलिस के बीच बनवाई आपसी सहमति, ताकि न हो पैदा कोई समस्या
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। दैनिक रेल यात्री संकीर्तन मंडल की मांग पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने रेलवे पुलिस से आग्रह किया है कि मंडल सदस्यों के विरूद्ध दर्ज मामले वापस लिए जाएं। उन्होंने रेलवे पुलिस तथा मंडल सदस्यों के बीच आपसी बातचीत से समझौता स्थापित करवाने का प्रयास किया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कोई समस्या पैदा न हो। बीते दिवस दैनिक रेल यात्री संकीर्तन मंडल के सदस्यों ने राजीव जैन से मुलाकात करते हुए जानकारी दी। मंडल सदस्यों ने बताया कि 16 व 17 सितंबर को रेलवे पुलिस (आरपीएफ) ने संकीर्तन मंडल के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया।
मंडल सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसका मंडल सदस्यों ने पुरजोर विरोध किया है। विरोध के अंतर्गत ही मंडल सदस्यों ने पूर्व राजीव जैन से भेंट कर मदद की मांग की। जैन ने मंडल सदस्यों को साथ लेकर रेलवे पुलिस थाना के प्रभारी से मुलाकात की। जैन ने थाना प्रभारी से आग्रह किया कि मंडल सदस्यों के विरूद्ध दर्ज किये मामलों को रद्द किया जाए। जैन ने थाना प्रभारी के तर्कों की भी सुनवाई की, जिसमें उन्होंने लाउड स्पीकर से अन्य रेल यात्रियों को होने वाली परेशानी का जिक्र किया। रेलवे पुलिस अधिकारी का कहना था कि कुछ रेल यात्रियों की शिकायत पर ही उन्हें कार्रवाई करनी पड़ी। अन्य रेल यात्रियों के अनुसार रेल के अंदर कीर्तन किये जाने से अन्य रेल यात्रियों को समस्याएं उठानी पड़ती है। जैन ने मंडल सदस्यों को मनाया कि वे कीर्तन के दौरान लाउड स्पीकर का प्रयोग नहीं करेंगे।
मंडल सदस्यों ने पूर्ण भरोसा दिया कि उनकी ओर से किसी भी रेल यात्री को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जैन के प्रयासों के चलते रेलवे पुलिस तथा रेलवे संकीर्तन मंडल के मध्य आपसी सहमति कायम हुई। उन्होंने कहा कि संकीर्तन मंडल पिछले कई दशकों से रेलगाडिय़ों में संकीर्तन करता आ रहा है। मंडल सदस्य अन्य रेलयात्रियों को कभी तंग नहीं करते अपितु सहयोग प्रदान करते हैं। फिर भी यदि किसी अन्य रेलयात्री को कोई परेशानी हुई है तो वे मंडल की ओर से क्षमा प्रार्थी हैं। साथ ही उन्होंने मंडल सदस्यों को भी विश्वास दिलाया कि उनके विरूद्ध दर्ज किये गये मामलों को खारिज करवाया जाएगा। इस मौके पर नकीम मेहरा, सूरज कुमार, रघुनंदन, अशोक कुमार, आनंद कुमार, महेश कुमार, प्रेम, आनंद शर्मा, महेंद्र, सुभाष नरवाल, दिनेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, मनोज, करमचंद, सुनील कुमार, संदीप, रमेश शर्मा, सतपाल कौशिक, अनिल ग्रोवर, रविंद्र गौतम मौजूद थे।