- -उपायुक्त ललित सिवाच ने बधाई देते हुए खिलाडिय़ों को नियमित सफल प्रदर्शन के लिए किया प्रोत्साहित
-सर्वाधिक पांच स्वर्ण पदक एथलेटिक्स में जीते, कुश्ती में कुल 13 पदकों पर जमाया कब्जा
-पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुमित को दी उपायुक्त ने विशेष बधाई
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। खेलो हरियाणा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सोनीपत के खिलाडिय़ों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 14 स्वर्ण पदकों सहित कुल 53 पदक जीते हैं। इस बेहतरीन प्रदर्शन पर उपायुक्त ललित सिवाच ने बधाई दी है। उन्होंने खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया कि वे नियमित रूप से सफल प्रदर्शन के लिए कड़ी मेहनत करें।
उपायुक्त सिवाच ने कहा कि खेलों में सोनीपत के खिलाड़ी लगातार सफल प्रदर्शन कर रहे हैं। हर स्तर पर जिला के खिलाडिय़ों ने नाम कमाया है। जिला स्तर से राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हमारे खिलाडिय़ों ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। इसके लिए खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने इस दौरान विशेष रूप से पैरालंपिक खिलाड़ी सुमित की चर्चा करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुमित ने पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। यह ऐतिहासिक प्रदर्शन है, जिस पर देशवासियों को गर्व है। खेलो हरियाणा का आयोजन प्रदेश के छह जिलों में करवाया गया, जिसमें जिला के 406 महिला-पुरूष खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। जिला के खिलाडिय़ों ने कुल 53 पदक जीते हैं जिनमें से 14 स्वर्ण पदक तथा 16 रजत और 23 कांस्य पदक शामिल है।
जिला के खिलाडिय़ों ने सर्वाधिक स्वर्ण पदक (पांच) एथलेटिक्स में जीते हैं। एथलेटिक्स में दो रजत व एक कांस्य सहित कुल आठ पदक प्राप्त किये। जबकि अधिकांश पदक कुश्ती में जीते हैं। कुश्ती में 3 स्वर्ण पदक व दो रजत तथा आठ कांस्य पदक सहित कुल 13 पदक जीते हैं। बास्केट बाल (महिला) में एक स्वर्ण पदक, बॉक्सिंग में एक स्वर्ण, दो रजत व तीन कांस्य सहित कुल छह पदक, हॉकी में एक कांस्य पदक, जूडो में दो स्वर्ण व तीन रजत व चार कांस्य समेत कुल 09 पदक, कबड्डी (पुरूष) में एक स्वर्ण पदक, खो-खो (पुरूष) में एक कांस्य पदक, लॉन टेनिस में दो कांस्य पदक, स्विमिंग में तीन रजत पदक, टेबल-टेनिस में एक रजत पदक और वेट-लिफ्टिंग में एक स्वर्ण व तीन रजत तथा तीन कांस्य पदक सहित कुल 07 पदक जीते हैं।