- फरीदाबाद और गाजियाबाद रेल ट्रैक पर मासिक पास बनाने शुरू
- सोनीपत, गन्नौर, समालखा, पानीपत, करनाल के यात्रियों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों
सोनीपत, 24 ब्यूरो। भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा के सतबीर वर्मा व सोनीपत विकास मंच के संयोजक विमल किशोर ने संयुक्त बयान जारी कर भाजपा सरकार व रेल मंत्रालय को चेताया कि दैनिक रेल यात्रियों के मासिक पास जल्दी ही बनाए जाएं। मोर्चा व मंच के संयोजक सतबीर वर्मा व विमल किशोर ने रहस्योद्घाटन किया कि जब फरीदाबाद व गाजियाबाद के रेल ट्रैक पर मासिक पास बनाने शुरू कर दिये गये हैं तो सोनीपत रेल ट्रैक पर मासिक पास शुरू क्यों नहीं किये जा रहे। सोनीपत, गन्नौर, समालखा, पानीपत, करनाल से अम्बाला तक के यात्रियों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। दैनिक रेल यात्री दिल्ली तक का सफर बेरोजगारी के चलते प्रतिदिन करते हैं। एक तरफ तो कमर तोड़ महंगाई, दुसरी तरफ प्राईवेट व्हीकल से दिल्ली तक का सफर जेब खाली कर रहा है। सरकार भी कोई मौका पब्लिक की जेब खाली करने का नहीं छोड़ रही।
उन्होंने कहा कि गरीब व मध्यमवर्गीय पहले ही कोरोना की चपेट से बमुश्किल उभरा है, सरकार गरीब व आमजन की कमर तोड़ने में लगी हुई है। किसान आन्दोलन के चलते सरकार की दूरदर्शी सोच व समाज के हर वर्ग को बांटने और पब्लिक को लूटने का पटाक्षेप आम पब्लिक की नजरों में हो चुका है। सबूत के तौर पर 2 रेल पास भी उक्त दोनों रेल ट्रैक के आम जनता ने दिखाए हैं। भाजपा सरकार रेल मंत्रालय को तत्काल आदेश जारी कर मासिक रेल पास दैनिक रेल यात्रियों के बनाये। उन्होंने कहा कि पूर्व में की गई मांगों जैसे दैनिक महिला पैसेन्जर ट्रेन व अन्य पैसेन्जर गाड़ी और चलाने, भाड़ा घटाने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि दैनिक रेल यात्रियों को साथ लेकर मोर्चा, मंच बहुत बडा जनआन्दोलन करने के मूड़ में है।