- -शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा यात्रा का किया शुभारंभ
- -50 फुट लंबाई वाले तिरंगे पीछे-पीछे नाचते-गाते हुए चला जनसमूह
- शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा में उमड़ा जन समूह,
- शहीदों की जय-जयकार से गूंजा गन्नौर
- -शहीद चौक पर वीर शहीद मुकेश त्यागी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
- -तिरंगा यात्रा से विश्वभर में जाएगा हिंदुस्तान की एकता व अखंडता का संदेश: सांसद रमेश कौशिक
- -भारत सदैव रहेगा अपने शहीदों का ऋणी: विधायक निर्मल चौधरी
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। गन्नौर हलके से शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा का आगाज हुआ है। सांसद रमेश कौशिक ने लघु सचिवालय स्थित वीर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ करते हुए शहीदों को नमन किया। शनिवार को गन्नौर राष्ट्रभक्ति के रंग से सराबोर नजर आया। देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगा के सम्मान में गन्नौरवासी नतमस्तक होते चले गए। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे ने सबको एकसूत्र में पिरो दिया।
करीब 50 फुट लंबे तिरंगे के पीछे-पीछे तिरंगा यात्रा में शामिल जनसमूह शहीदों की जय-जयकार करते हुए चले। नजारा कुछ ऐसा था कि सबके मुख और दिलों में सिर्फ शहीदों की अमिट छाप दिखाई दी। यात्रा में महिला-पुरूष और बुजुर्गो ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। नाचते-गाते हुए तिरंगा यात्रा तहसील गन्नौर से शुरू होते हुए आगे बढ़ी। गन्नौर रोड से होते हुए शहीद चौक, नमस्ते चौक, पुलिस थाना गन्नौर, प्रमुख बाजार से रेलवे स्टेशन रोड से होकर गुजरी। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के आगे से होते हुए लहरी सिंह पार्क में यात्रा का संपन्न हुई।
इस दौरान शहीद चौक पर सांसद रमेश कौशिक व अन्य प्रमुख अतिथियों ने वीर शहीद मुकेश त्यागी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आह्वान पर शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा का आयोजन स्वागत योग्य है। इससे देश की एकता व अखंडता का संदेश पूरे विश्व में जाएगा, जिससे हमारी मजबूती को अलग पहचान मिलेगी। हर भारतीय को तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेकर शहीदों को नमन करना चाहिए। गन्नौर की विधायक एवं तिरंगा यात्रा की प्रमुख संयोजक निर्मल चौधरी ने शहीदों को नमन करते हुए तिरंगा यात्रा का हिस्सा बनने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हम अपने शहीदों के सदैव ऋणी रहेंगे, जिनकी शहादत की बदौलत आज हम आजाद हवा में सांस ले रहे हैं। हम शहीदों के परिवारजनों के भी ऋणी हैं।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में यह आयोजन बहुत विशेष और सुखद है। तिरंगा यात्रा में शामिल होकर हम अपने शहीदों को श्रद्धांजलि दे सकते हैं। इससे राष्ट्र्रीय एकता को बल मिला है। देश-प्रदेश और जिला एवं हलकावासियों ने सब भेद भुलाकर खुद को तिरंगे से जोड़ लिया है। भाजपा नेताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शहीदों की कुर्बानियां अविस्मरणीय है। हमें हमेशा शहीदों का मान-सम्मान करना चाहिए। अपना सर्वस्व न्यौछावर कर शहीदों ने आजादी दिलाई है जिसे बरकरार रखना हमारा दायित्व है। शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा गौरवमयी यात्रा है, जिसका हिस्सा बनना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि 1 से 15 अगस्त तक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा का समापन होगा, जिससे लोगों में देशभक्ति का जज्बा उमड़ पड़ा है।