- भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने ओलंपिक में रचा इतिहास, सुमित के घर पर हुआ जश्र का माहौल
-सांसद रमेश कौशिक ने दी बधाइयां, -उपायुक्त ललित सिवाच ने ऐतिहासिक प्रदर्शन पर दी मुबारकबाद
-पिता प्रताप सिंह व भाइयों ने कुराड़ में ढ़ोल बजाकर मनाई खुशियां
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। टोक्यो ओलंपिक में नया इतिहास रचने वाली भारतीय पुरूष हॉकी टीम के सदस्य सुमित के घर पर जश्र का माहौल बन गया है। सांसद रमेश कौशिक ने उन्हें विशेष तौर पर बधाई दी है। उपायुक्त ललित सिवाच ने इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर सुमित व टीम इंडिया को मुबारकबाद दी। साथ ही सुमित के पिता प्रताप सिंह व भाइयों जय सिंह, अमित ने सुमित पर गर्व जताया है। गांव में भी ढ़ोल बजाकर नाचते-गाते हुए खुशियां मनाई जा रही हैं।
सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि 41 वर्षों के बाद ओलंपिक में पदक हासिल किया है। इसके लिए भारतीय पुरूष हॉकी टीम को हार्दिक बधाई। टीम में गन्नौर खंड के अंतर्गत आने वाले गांव कुराड़ का युवा प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी सुमित भी शामिल रहा, जो खासतौर पर बधाई का पात्र है। भारतीय हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता है। पहली बार ओलंपिक में भारत ने इतने पदक हासिल किये हैं। चार पदक भारत जीत चुका है जबकि कई पदक और जीतने की उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि दशकों बाद पदक लेकर आने वाली टीम का हिस्सा होना सौभाग्य की बात है, जो कि सुमित को मिला है। उन्होंने कहा कि अब सुमित के घर लौटने का इंतजार है। यहां आने पर उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।
सुमित ने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के लिए उदाहरण बनने का काम किया है। यदि लक्ष्य दृढ़ हो तो उसे हासिल किया जा सकता है। उपायुक्त ललित सिवाच ने ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए सुमित और टीम इंडिया को मुबारकबाद दी है। उन्होंने कहा कि गन्नौर के छोटे से गांव कुराड़ से सुमित के रूप में एक बड़ी खेल प्रतिभा निकली है। सुमित ने हॉकी प्रेमियों व देशवासियों का दिल जीत लिया है। उन्होंने सुमित के पूरे परिवार तथा सगे-संबंधियों और मित्रों को भी बधाई दी। गन्नौर के एसडीएम सुरेंद्र सिंह दून ने भी बधाई देते हुए कहा कि सुमित लाजवाब खिलाड़ी है। आज वे किसी परिचय के मोहताज नहीं रहे। सुमित के घर व गांव में उत्सव का माहौल बना हुआ है। ढ़ोल बजाकर नाचते-गाते हुए गांव में खुशियां मनाई जा रही हैं। पूरी टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली को पदक से भरा है।