राजेश क्वात्रा, हांसी। गांव ढाणी कुम्हारान में अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस व वन महोत्सव के उपलक्ष्य में हर घर बेटी हर घर पौधा अभियान के तीसरे चरण का शुभारंभ किया गया। इस अभियान की शुरुआत बेटी रिया ने पौधा लगाकर की। इस अवसर पर भाजपा के सोरखी मण्डल के उपाध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा ने बताया गांव कि चौपाल में जामुन, कनेर, अर्जुन, गुलमोहर, अमरूद, अमलताश के पौधे लगाए गए। पौधे हमारे जीवन रक्षक होते हैं, सिर्फ पेड़ पौधों के द्वारा ही हम ऑक्सीजन प्राप्त कर सकते हैं, इसका कोई दूसरा विकल्प नहीं है। हमारी सृष्टि से पहले ही पेड़ पौधों का निर्माण हो चुका था। पेड़ हमारे अनमोल धरोहर है, इनकी रक्षा करना हमारा दायित्व बनता है।
पेड़ पौधों से हमें ऑक्सीजन, लकड़ी, छाया मिलते हैं। पेड़ पौधे हमारी भूमि के कटाव को भी रोकते हैं। पेड़ पौधे वर्षा लाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। पेड़ पौधों की कमी के कारण ही वर्षा में भी कमी हो रही है। किसी भी इंसान की जन्म से लेकर मृत्यु तक एक पेड़ ही हैं, जो उसकी हमेशा मदद करता हैं। खाने से लेकर पहनने के लिए कपड़े तक हर किसी वस्तु के लिए हम पेड़ और पौधों पर निर्भर हैं। पूरे विश्व में 70,000 प्रजाति के पौधों को औषधि बनाने के लिए इस्तेमाल में लिया जाता हैं। इस अवसर पर राजेश कुमार, कृष्ण कुमार, विकास उर्फ पंजू बाबु लाल, विशाल, पवन, दीपक दिक्षान्त और गांव के अनेक युवा शामिल थे।