एसपीओ प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मंत्री को सौंपा ज्ञापन
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल से हटाए जाने के बाद पुलिस विभाग में एसपीओ के तौर पर कार्यरत कर्मचारियों ने पुलिस विभाग में रिक्त कांस्टेबल पद पर समायोजित करने की मांग उठाई है। पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं वर्तमान में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्षा कविता जैन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने उनकी आवाज उठाने का भरोसा दिलाया है।
रविवार को प्रदेश भर में जिला पुलिस में एसपीओ के पद पर कार्यरत कर्मचारियों ने सेक्टर 15 पहुंचकर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री कविता जैन को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांग रखते हुए कहा कि वर्ष 2004 में हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल में उनकी नियुक्ति कांस्टेबल पद पर हुई थी, लेकिन कांग्रेस शासन के दौरान हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल कानून को कैबिनेट से रद्द करते हुए सभी कांस्टेबलों को नौकरी से निकाल दिया।
वर्ष 2016 में भाजपा सरकार द्वारा उनकी पुलिस प्रशिक्षण को देखते हुए पुलिस में एसपीओ पद पर लगाया। इस तरीके से 1500 कांस्टेबलों को पुनः रोजगार मिला, जो स्थाई पुलिस की भांति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें पुलिस बल का स्थाई हिस्सा मानते हुए रिक्त कांस्टेबल पदों पर समायोजित किया जाएगा। पूर्व मंत्री कविता जैन ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि उनकी मांग को गम्भीरता के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखा जाएगा और उचित समाधान करवाया जाएगा। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल से राकेश, मंजीत, वीरेंद्र, मुकेश, सुधीर, देवेन्द्र, मनोज, विकास मोर, आशीष मौजूद रहे।