राजेंद्र कुमार, सिरसा। कृषि कानूनों के खिलाफ चले रहे विरोध के छह माह पूरे होने पर आज का किसानों ने दिवस काला दिवस के तौर पर मनाया। सिरसा में किसानों ने रोष स्वरूप पुलिस के साथ मुकाबला करते हुए उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास के करीब लगाए गए बेरीकेट्स तोड़ते हुए आगे बढ़े और दुष्यंत चौटाला के आवास के समक्ष व किसान चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व बिजली मंत्री रणजीत सिंह के पुतले फूंके। इस दौरान किसानों ने जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने अपने हाथों में काले झंडे उठा रखे थे। किसानों ने आज अपने घरों व वाहनों पर भी काले झंडे लगाए। किसानों ने रिलायंस कंपनी के उत्पादों के शो रूम भी बंद करवा दिए।
शहर के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में पक्का मार्चा लगाकर धरना दे रहे किसान सैंकड़ों की तादाद में बाबा भूमण शाह चौक पहुंचे। इस दौरान शहर में अलग टोली बनाकर रिलायंस उत्पाद के शो -रूम को बंद करवा रहे किसान भी बाबा भूमण शाह चौक पहुंच गए। किसानों ने इस दौरान जमकर नारेबाजी की, युवा किसानों में ओर जोश भर जाने के कारण उन्होंने युवा किसान नेता मैक्स साहुवाला के नेतृत्व में बेरीकेट्स को पुलिस से मुकाबला करते हुए तोड़ डाले ओर आगे बढ़ते हुए उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास के समक्ष जाकर दुष्यंत चौटाला व बिजली मंत्री रणजीत सिंह का पुतला फूंका। मौके पर पहुंचे उपमंडलाधीश जयवीर यादव ने जैसे तैसे किसानों को समझा कर शांत किया ओर वहां से चले जाने का आग्रह किया। वहीं दूसरी ओर सैंकड़ों की तादाद में किसान हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह भारूखेड़ा की अगुवाई में जेजेपी कार्यालय के सामने बने किसान चौक पर आ पहुंचे। किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दुष्यंत चौटाला, रणजीत सिंह चौटाला के खिलाफ खूब बवाल काटा। इस मौके पर किसानों ने प्रधानमंत्री के पुतले को बांसों पर उल्टा लटकाकर दहन किया। इससे पहले किसानों ने पुतले को जूतों से भी पीटा। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह भारूखेड़ा ने कहा कि किसान पिछले छह माह से दिल्ली, हरियाणा बार्डर के अलावा दिल्ली के चहुंओर आदोंलन पर बैठे हैं। मगर सरकार इस पर कोई संज्ञान नहीं ले रही जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हल निकालने की बजाय किसानों पर ही लाठियां बरसा रही हैं जो सरासर अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्यंत चौटाला ने विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को किसान विरोधी बताकर वोट हथिया लिये ओर जितने के बाद सत्ता लालच में भाजपा की गोद में जा बैठे। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने ताउम्र किसान की आवाज बुलंद की। जबकि आज उनका वंश सत्ता के लालच में किसानों पर लाठियां बरसवा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसान अब भाजपा व जजपा से जुड़े लोगों के परिवारों से इतनी नफरत करने लगे हैं कि उनके साथ सामाजिक रिस्ते बनाने से भी पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जजपा व भाजपा के नेता इस कदर जनता की नजरों में गिर चुके हैं कि गावों में घुसने तक की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे।