केंद्र सरकार व किसान संगठनों के बीच हो रही सौहार्दपूर्ण माहौल में वार्ता : रणजीत सिंह

केंद्र सरकार व किसान संगठनों के बीच हो रही सौहार्दपूर्ण माहौल में वार्ता : रणजीत सिंह

राजेश सलूजा, सिरसा। प्रदेश के बिजली, ऊर्जा एवं जेल मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने किसान आंदोलन को लेकर जारी एक ब्यान में कहा कि केंद्र की सरकार किसानों का मन से हित चाहती है। किसानों द्वारा रखी जा रही कई मांगे जायज हैं। किसानों की 50 प्रतिशत मांगों को सरकार ने सहमती दी है और अब भी सरकार किसानों के साथ चर्चा कर रही है। उम्मीद है कि 4 जनवरी को सरकार व किसान संगठनों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में होने वाली वार्ता से एक सुखद हल निकलेगा। बिजली मंत्री ने कहा कि वे स्वयं किसान के बेटे हैं, इसलिए वे किसानों के हितों के बारे में भलिभांति वाकिफ है। वे स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं। गृह मंत्री ने उनकी बातों को साहनुभूतिपूर्वक सुना और विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा वे मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी कई बार किसान आंदोलन को लेकर चर्चा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसानों ने जो मांगे सरकार के समक्ष रखी है, उनमें कई मांगे जायज हैं।

केंद्र सरकार किसानों की इन मांगों पर साहनुभूति विचार कर रही है। इस दिशा में कई दौर की बैठकें भी किसानों व सरकार की बीच हुई हैं।  उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार व किसान संगठनों की बीच होने वाली वार्ता से सकारात्मक हल निकलेगा। उन्होंने कहा कि किसान इस देश के अन्नदाता हैं। कोरोनाकाल के दौरान जब देश में लॉकडाउन लगा, उस समय जहां कई उद्योग, मॉल, पैट्रोल पंप, सिनेमा घर व बड़े-2 प्रतिष्ठïान घाटे में जा रहे थे, जिसके चलते देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी, उस समय किसानों ने ही अधिक उत्पादन देकर देश की अर्थव्यवस्था को संभालने का काम किया। देश का एक बहुत बड़ा वर्ग खेती से जुड़ा है।

फौज व पुलिस जैसे सुरक्षा क्षेत्र से लेकर कृषि विश्वविद्यालयों व अन्य विकासात्मक क्षेत्रों में किसान के बच्चों की अहम भूमिका है। बिजली मंत्री ने कहा कि अनुशासनात्मक व संयमित आंदोलन के लिए किसान संगठन बधाई के पात्र हैं। किसान आंदोलन के दौरान कोई भी हिंसात्मक घटना नहीं हुई, जोकि अपने आपमें एक बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि इलैक्ट्रोनिक व प्रिंट मीडिया से लेकर सोशल मीडिया अपनी सकारात्मक भूमिका निभाते हुए इसमें अपना सहयोग दें।

राजनीति हरियाणा