- बहनों ने भाईयों को तिलक कर दीर्घायु की कामना की
- पूरे देश में भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक भैयादूज धूमधाम से मनाया
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। देशभर में भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक भैयादूज का प्रारंपरिक त्यौहार शनिवार को पूरे उत्साहपूर्वक मनाया गया। बहनों ने भाईयों के माथे पर तिलक किया और मिठाई खिलाकर उनकी दीर्घायु की कामना की। वहीं भाईयों ने अपनी बहनों को शगुन के रूप में उपहार भेंट किए। भैयादूज पर्व को लेकर छोटे बच्चों में ज्यादा उत्साह देखा गया। छोटे बच्चों ने अपनी बहनों को बड़ी खुशी के साथ मिठाई खिलाकर उपहार भेंट किये। हालांकि मंहगाई का असर अब त्यौहारों पर भी पडऩे लगा है, क्योंकि हर चीज के दाम आसमान छू रहे हैं। जिस कारण आमजन को काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ता है। पुराणों के अनुसार धर्मराज को यमराज भी कहा जाता है। अपनी बहन यमुना से मिलने मृत्युलोक में इसी दिन आते हैं। इसलिए जो व्यक्ति इस दिन यमुना में स्नान करता है उनके सारे पापों का नाश हो जाता है।
यह भी माना जाता है कि स्नान से व्यक्ति के मनोभाव भी पवित्र होते हैं। इसी उपलक्ष्य में हर वर्ष कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीय तिथि यमद्वितीया भैयादूज के रूप में मनाई जाती है। भैयादूज के चलते शनिवार सुबह से ही रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, सुभाष चौक आदि जगहों महिलाओं, बच्चों व पुरूषों की ज्यादा भीड़ रही। वहीं दूसरी ओर भैयादूज का पर्व होने के चलते शहर में दुपहिया, कार व अन्य वाहनों की अधिकता ज्यादा रही। जिस कारण शहर की सडकों पर जाम की स्थिति बनी रही। भाई-बहन के इस पावन पर्व भैया दूज पर वाल्मीकि महापंचायत सभा हरियाणा के प्रदेश प्रचार सचिव राजीव पिहवाल ने प्रदेश वासियों को भैयादूज की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से समाज के सभी युवा साथियों से आह्वान किया महिला शक्ति का मान सम्मान करें, ताकि समाज में बढ़ने वाले क्राइम पर अंकुश लगाया जाए।