-25 सितंबर को हर्षोल्लास से मनायेंगे जननायक देवीलाल की जयंती
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने 25 सितंबर को पूर्व उप-प्रधानमंत्री स्व.देवीलाल के नूंह में होने वाले जयंती समारोह का निमंत्रण देते हुए जजपा के सक्रिय सदस्यता अभियान को गति देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सक्रिय कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं, जिनके बल पर संगठन को प्रभावी व मजबूती दी जाती है। इसलिए जजपा ने प्रदेशभर में सक्रिय कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी करने के लिए सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया हुआ है।
अजय चौटाला गुरूवार को मुरथल रोड स्थित एक वाटिका में कार्यकर्ताओं को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कमेरे वर्ग के मसीहा पूर्व उप-प्रधानमंत्री स्व.देवीलाल के जन्मदिवस के मौके पर हिलालपुर (नूंह) में जननायक की आदमकद की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें सोनीपत से विशेष लगाव है, जहां उन्हें सदैव भरपूर प्रेम व सहयोग मिला है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौटाला ने इस दौरान जजपा की मजबूती पर खास बल दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं का होना अति आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से जननायक जनता पार्टी ने 25 अगस्त से प्रदेशभर में सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत की। पार्टी द्वारा इस एक माह के अभियान के दौरान प्रत्येक बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी की जाएगी, ताकी पार्टी को और मजबूती मिले। उन्होंने जजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत हर हलके में 500 मेहनती, कर्मठ, निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सक्रिय कार्यकर्ता बनाएं। इस अभियान के जरिए हर क्षेत्र यानी कि प्रत्येक बूथ स्तर तक पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं को सक्रिय कार्यकर्ता बनाना है, ताकि वे सक्रिय कार्यकर्ता बनने के बाद दूसरे चरण में सामान्य सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी का प्रचार करते हुए घर-घर जाकर नये लोगों को पार्टी से जोडऩे का काम करें।