रणबीर रोहिल्ला, श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। जितना कठिन संघर्ष उतनी ही शानदार जीत इस बात को चरितार्थ करते हुए लिटल एंजल्स स्कूल के पूर्व छात्र अभिमन्यु ने यूपीएससी का 60वां रैक हासिल किया। अभिमन्यु मलिक की यह सफलता विद्यालय व सोनीपतवासियों के लिए बड़े ही गर्व की बात है। अभिमन्यु मलिक ने रैंक में सुधार करते हुए पांचवी बार परीक्षा देकर 60वां स्थान प्राप्त किया। अभिमन्यु बचपन से ही बेहद शांत स्वभाव के हैं। इन्होंने वर्ष 2014 में वाईएमसीए, फरीदाबाद से बीटेक किया। उसके बाद वर्ष 2016 में नाबार्ड के रोहतक कलस्टर में सहायक महाप्रबंधक के पद पर तैनात हुए।
अभिमन्यु मलिक का हमेशा से ही सपना आईएएस बनना था। इसके लिए वे लगातार प्रयासरत रहे। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति व लगन से सभी बाधाओं को पार किया और अपने अंतिम प्रयास में रैंक में सुधार करते हुए देशभर में अपनी सफलता का परचम लहरा दिया।
विद्यालय के चेयरमैन तरसेम कुमार गर्ग, सेक्रेटरी डॉ. विशाल गर्ग, प्रधानाचार्या आशा गोयल, उपप्रधानाचार्या गीता अरोड़ा व सभी अध्यापकों ने अभिमन्यु मलिक की इस सफलता पर बधाई दीं। विद्यालय में उसकी इस सफलता पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरणा दी और कहा कि सच्ची लगन व अथक परिश्रम से सभी अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं और जीवन में सफलता प्राप्त करते हुए उच्च मुकाम हासिल कर सकते हैं। अभिमन्यु ने अपने शिक्षकों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके सही मार्गदर्शन व शिक्षण के कारण ही वह इस सफलता को पा सका। इस अवसर पर अभिमन्यु को पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न देकर उसका हौंसला बढ़ाया।