श्याम वशिष्ठ, रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। नशा मुक्त होगा हरियाणा अरै मिलकर सारे जोर लगाना। ये शब्द हरियाणा राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरुकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थीयो को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए कहे। वे आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल में पहुंचे हुए थे। विद्यालय में 212 विद्यार्थियों ने भाग लिया। तत्पश्चात वे राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल में पहुंचे। यहां पर 340 छात्राओं ने भाग लिया। बता दें कि हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के आदेशानुसार नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने प्रतिबंधित नशे की रोकथाम बारे विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि स्वापक औषधी एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 के अंतर्गत नशीले पदार्थों का सेवन क्रय विक्रय तस्करी उत्पादन परिवहन आदि पूर्ण रूप से निषेध है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से परिचित कराते हुए कहा कि यदि ये मनुष्य के उपभोग के लिए अच्छे होते तो सरकार इन्हें बिक्र के लिए खुला छोड़ देती। नशा मुक्त हो भारत मेरा ऐसी सोच बनानी है, नशे में ग्रस्त हो चुकी युवा पीढ़ी मिलकर सबको बचानी है। कविता के माध्यम से नशा मुक्त अभियान का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में शपथ ग्रहण करवाई गई।