रणबीर रोहिल्ला, श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), द्वारा भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के तत्वावधान में आयोजित हिन्दी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता गतवर्ष 21 अक्तूबर को ऑनलाईन आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय पुरस्कार भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा की एसोसिएट शीतल और वरिष्ठ एसोसिएट कीर्ति को दिया। तृतीय पुरस्कार से राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम), कुंडली के राजभाषा प्रकोष्ठ में कार्यरत हिंदी टंकक राजेश कुमार कश्यप को सम्मानित किया गया।
चतुर्थ पुरस्कार भारतीय डाक सेवा के लेखाकार नवीन और पांचवां पुरस्कार केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के मारकण्डे दूबे को प्रदान किया गया। विजेताओं को गांव खेवड़ा स्थित केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के ग्रुप केन्द्र में आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया गया। समारोह की अध्यक्षता कामल सिंह, उप-महानिरीक्षक एवं सहअध्यक्ष नराकास ने की। समारोह के मुख्य अतिथि नरेन्द्र मेहरा, सहायक निदेशक, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय भारत सरकार थे। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक सोनीपत के मुख्य प्रबन्धक आनंद पाल अहलावत के अलावा केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।