- मेयर निखिल मदान ने निगम क्षेत्र में 5 करोड़ 20 लाख की लागत से होने वाले विकास कार्यों का किया शुभारम्भ
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। नगर निगम मेयर निखिल मदान ने बुधवार को निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डो में लगभग 5 करोड़ 20 लाख की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने मेयर निखिल मदान का फूल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए आभार जताया। मेयर निखिल मदान ने बताया कि आज वार्ड 18 के सेक्टर 23 में लगभग 2 करोड़ की लागत से सभी पार्कों में सौंदर्यीकरण, मरम्मत और ओपन जिम लगाने के कार्य का शुभारम्भ किया है। इस कार्य में एक करोड़ की लागत से वाकिंग ट्रैक पर आवश्यकतानुसार चेकर्ड टाइल्स लगाना, पार्क की चारदीवारी और रेलिंग्स की मरम्मत, शेड की मरम्मत, आवश्यकतानुसार रंग रोगन शामिल है।
साथ ही 98 लाख रु की लागत से सभी पार्कों में ओपन जिम लगाने का भी प्रावधान है। इसके उपरांत मेयर निखिल मदान ने सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा के साथ मिलकर वार्ड 9 निवासियों को 2 करोड़ 98 लाख की लागत से होने वाले विकास कार्यों की सौगात दी। मेयर निखिल मदान ने बताया कि बंदेपुर गांव में एक करोड़ 25 लाख की लागत से गलियां पक्की होंगी। साथ ही कुछ गलियों में नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। पटेल नगर में एक करोड़ 40 लाख की लागत से गलियां पक्की होंगी। इन कार्यों में आवश्यकतानुसार इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीसी और मास्टिक पद्धति से गलियां पक्की की जाएगी। वार्ड 9 के राठधना गांव में 33 लाख की लागत से पड़ंगा पाना में बनी सामान्य चौपाल का नवनिर्माण किया जायेगा।
वार्ड 4 में दिल्ली रोड पर सिक्का कालोनी पुलिस चौकी के साथ बने पार्क का भी कायाकल्प किया जायेगा। मेयर निखिल मदान ने निगम पार्षद बबिता कौशिक के साथ मिलकर 23 लाख की लागत से पार्क की मरम्मत और सौंदर्यीकरण करने के कार्य का नारियल तोड़कर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष प्रिंस सरोहा, कप्तान सिंह पंवार, राजेश मलिक, गौरव कौशिक, सतबीर दहिया, राजेश दहिया, अतर सिंह, सतबीर हुड्डा, सतपाल कौशिक, राकेश कौशिक, महेंद्र दहिया, रोशन लाल कौशिक, सुखबीर राणा, राम निवास शर्मा, जोगिन्दर , मनोज दहिया, रघबीर सिंह, अमित सरोहा, देविंदर आदि लोग मौजूद रहे।