श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। हिसार में आयोजित हरियाणा स्टेट हॉकी चैंपियनशिप में लिटल एंजल्स स्कूल की होनहार खिलाड़ियों ने सोनीपत जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए जुनियर, सीनियर व सब-जुनियर तीनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर अपने जिले व विद्यालय का नाम रोशन किया। सब जुनियर के फाईनल मैच में हिसार को 1-0 के गोल स्कोर से, जुनियर वर्ग में हिसार को 3-2 के गोल स्कोर से व सीनियर वर्ग में भी हिसार को ही फाईनल मैच में 2-1 के गोल स्कोर से हराकर प्रतियोगिता के तीनों ही वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर ओवर ऑॅल ट्राफी पर कब्जा किया।
लिटल एंजल्स स्कूल की होनहार खिलाड़ी प्रियंका, खुशी, वैभवी, अमन, चंचल, सोनिया, ईशिका पहल, रितिका मान, रितिका, साक्षी राणा, साक्षी नंदनी, तमन्ना, रिया, निधि, दिया, नव्या, नैंसी व हर्षिता ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। इन सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली हॉकी चैंपियनशिप के लिए भी चयनित किया गया है। विद्यालय के चेयरमैन तरसेम कुमार गर्ग, सेक्रेटरी डॉ. विशाल गर्ग व विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल ने सभी विजयी खिलाड़ियों को बधाई दी और उन्हें भविष्य में भी बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।