- जातिय भेदभाव को दूर करने में गुरु रविदास का योगदान उल्लेखनीय, सामाजिक परिवर्तन के महानायक थे गुरु रविदास
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। नगर निगम महापौर निखिल मदान शनिवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती पर वेस्ट राम नगर में स्थित संत शिरोमणि रविदास चौपाल में पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने गुरु रविदास जी की तस्वीर पर पुष्प चढ़ाकर और दीप प्रज्जवलित कर नमन किया औऱ भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। मेयर निखिल मदान ने लोगों को गुरु रविदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु रविदास ने हमेशा ऊंच नीच, छुआछूत, जातीय भेदभाव जैसी अनेकों कुरीतियों के खिलाफ़ अपने दोहों से लोगों को जागरूक किया औऱ इन्हें दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गुरु रविदास ने आपसी भाईचारे, समरसता और समानता का संदेश दिया। गुरु रविदास ने अपनी कविताओं और दोहों से पूरे समाज को ये सीख दी कि कोई भी इंसान अपने कर्मों से महान बनता है, नाकि अपने जन्म से।
उन्होंने सभी लोगों से सदैव इंसानियत और भलाई के रास्ते पर चलने का आह्वान किया। गुरु रविदास जी के मानवता, समानता औऱ समरसता के सन्देश आज भी प्रासंगिक है। जैसे गुरु रविदास जी ने कहा है कि करम बंधन में बन्ध रहियो, फल की ना तज्जियो आस, कर्म मानुष का धर्म है, सत् भाखै रविदास। अर्थात आदमी को हमेशा कर्म करते रहना चाहिए। कभी भी कर्म के बदले मिलने वाले फल की आशा नहीं छोड़नी चाहिए, क्योंकि कर्म करना मनुष्य का धर्म है तो फल पाना हमारा सौभाग्य। इसके पश्चात मेयर निखिल मदान ने वेस्ट राम नगर में एक स्कूल के वार्षिकोत्सव में हिस्सा लिया और मेधावी छात्रों को पुरुस्कृत किया। इस दौरान निगम पार्षद नवीन तंवर, राकेश नरवाल, संजय कुमार, सूबे सिंह सिंघल, बलराज कटारिया, राजेश, देवेंद्र, सविंद्र सिंह, अशोक, राजेश, कुलदीप वत्स, शुभम शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।