श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। स्पेशल ओलंपिक भारत द्वारा दिल्ली के युवा शक्ति मॉडल स्कूल में फ्लोर बॉल महिला राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से 14 राज्यों के लगभग 125 दिव्यांग महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। लिटल एंजल्स इंक्लूसिव स्कूल की ख्वाहिश ने प्रतियोगिता में हरियाणा टीम में गोलकीपर के रूप में राज्य का प्रतिनिधित्व किया। ख्वाहिश के महत्वपूर्ण योगदान से हरियाणा टीम ने राष्ट्रीय स्तरीय फ्लोर बॉल महिला प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त किया। स्पेशल ओलंपिक भारत हरियाणा द्वारा अजीत स्टेडियम गुरुग्राम में 19 जनवरी को राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिसमें लिटल एंजल्स इंक्लूसिव स्कूल के विनीत सरोहा व समीर ने भाग लिया। जिसमें विनीत सरोहा ने 66 किलोभार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया। साथ ही साथ दौलताबाद स्टेडियम, गुरुग्राम में 24 जनवरी को पावरलिफ्टिंग राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें लिटल एंजल्स इंक्लूसिव स्कूल के समीर, प्रियांक व दक्ष नांदल ने भाग लिया। प्रतियोगिता में समीर ने 103 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक व प्रियांक ने 86 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीते व टेबल टेनिस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लिटल एंजल्स इंक्लूसिव स्कूल की ओर से पार्थ, हितेश, अरमान मलिक, कृतिक आनंद, तान्या व ख्वाहिश ने भाग लिया। पार्थ ने स्वर्ण पदक, तान्या ने रजत पदक व ख्वाहिश ने कांस्य पदक जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया।
इसके साथ ही सोनीपत की एक यूनिवर्सिटी में आयोजित बैडमिंटन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मोहित सरोहा, पार्थ, प्रियांक, प्रद्युमन व अरनव सतीजा ने भाग लिया। जिसमें मोहित सरोहा ने स्वर्ण पदक व प्रियांक ने रजत पदक जीतकर अपने स्कूल व जिले का नाम रोशन किया। विजेता खिलाड़ियों के अभिभावकों ने स्कूल द्वारा प्रदान की जा रही खेल सुविधाओं के लिए स्कूल प्रशासन का तहेदिल से धन्यवाद किया। सभी विजेता खिलाड़ियों का स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्या आशा गोयल व सोनिया अरोड़ा ने फूल मालाओं से स्वागत किया। स्कूल चेयरमैन तरसेम कुमार गर्ग, सेक्रेटरी विशाल गर्ग ने सभी खिलाड़ियों को अगामी राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी।