श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री कविता जैन ने कहा है कि पार्टी का गांव चलो अभियान आगामी लोकसभा चुनाव में 400 सीटें जीतने के लक्ष्य को पार करने का मार्ग प्रशस्त करेगा, इसलिए कार्यकर्ता गंभीरता से इस अभियान को सफल बनायें। कविता जैन बुधवार को सोनीपत विधानसभा के तीनों मंडलों की अलग-अलग आयोजित बैठकों में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि 9 फरवरी को एक बूथ पर कार्यकर्ता के 24 घंटे के प्रवास से आधा चुनाव लड़ लेंगे और जहाँ हमारी रणनीति में कोई कमी होगी उस कमी को दूर किया जा सके।
कविता जैन ने कहा कि बूथ पर पन्ना प्रमुखों के साथ बैठक, व्हाट्सप ग्रुप तैयार करना, लाभार्थियों से संपर्क करना, प्रभावी मतदाताओं से संपर्क करना, मतदाता सूचियों का निरीक्षण एवं नव मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने, शहीद हुए परिवारों के यहाँ जाकर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करने जैसे कार्य करने हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि आज सारे दलों के नेता भाजपा की तरफ भाग रहे हैं परन्तु चुनाव को हमें हलके में नहीं लेना है और मतदान पूरा होने तक पूरी मेहनत करनी है। उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी दलों की तो हालत यह हो गई है उनके नेता लोकसभा चुनाव लड़ने से कतराने लगे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ जीता तो चुनाव जीता कि रणनीति पर हमें काम करते हुए अपने बूथ को ही लोकसभा क्षेत्र मानना है।