गणतंत्र दिवस पर विधायक सुरेंद्र पवार ने विभिन्न कार्यक्रमों में की शिरकत
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि 26 जनवरी हमारे देश के लिए बहुत खास दिन है। हमारे देश का संविधान 26 जनवरी 1950 को लागु हुआ था। 26 जनवरी 1950 को हमारे देश भारत एक गणतंत्र देश बन गया था। सभी जाति एवं वर्ग के लोग इसको एक साथ मिलकर मनाते हैं। विधायक सुरेंद्र पंवार ने जिला कांग्रेस भवन, वार्ड-16, सेक्टर-12, कुष्ठ आश्रम, सेक्टर-23, एसबी गलोबल स्कूल सहित अन्य स्थानों पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर ध्वजारोहण करने के उपरांत शहरवासियों को संबोधित किया। विधायक सुरेंद्र पवार ने कहा कि भारत के महान स्वतंत्रता सेनानियों ने कड़ी मेहनत और संघर्ष के करके ही भारत को पूर्ण स्वराज दिलाया है। उन्होंने हमारे लिए बहुत कुछ किया है उसका ही नतीजा है कि आज हम अपने देश में खुली हवा में सांस ले रहे है।
स्वतंत्रता सेनानियों ने हमारे भारत देश को आजाद कराने के लिए अपनी जान तक न्यौछावर कर दी थी और उनके इन महान कामों के लिए ही आज भी उनका नाम भारत देश के इतिहास में लिखा है। न ही सिर्फ लिखा ब्लकि आज भी देश का बच्चा बच्चा उनको याद करता है और उनके तरह बनना चाहता है। लगातार कई वर्षों तक इन महान लोगों ने ब्रिटिश सरकार का सामना किया और हमारे वतन को उनकी गुलामी से आजाद कराया। भारत वासी उनके इस बलिदान को कभी भी भुला नहीं सकते हैं। उन्ही के कारण आज हम अपने देश में आजादी से सांस ले रहे हैं। प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा था कि, हमने एक ही संविधान और संघ में हमारे पूर्ण महान और विशाल देश के अधिकार को पाया है। जो देश में रह रहे सभी पुरुषों और महिलाओं के कल्याण की जिम्मेदारी लेता है।
अफसोस है कि आजादी के इतने वर्षों के बाद भी हम आज अपराध, भ्रष्टाचार और हिंसा जैसी समस्याओं से लड़ रहे हैं। अब समय आ गया है कि हमें दोबारा एक साथ मिलकर अपने देश से इन बुराइयों को बाहर निकाल फेंकना है जैसे कि स्वतंत्रता सेनानी नेताओं ने अंग्रेजों को हमारे देश से निकाल दिया था। हमें अपने भारत देश को एक सफल, विकसित और स्वच्छ देश बनाना होगा। हमें अपने भारत देश की गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा, ग्लोबल वार्मिंग, असमानता, आदि जैसे चीजों को अच्छी तरह समझना होगा और इनका हल निकालना होगा।