मेयर की अध्यक्षता में वित्त एवं अनुबंध कमेटी की हुई बैठक
नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए सर्वसम्मति से 9 करोड़ 52 लाख 09 हजार रुपए का बजट हुआ स्वीकृत
वार्ड नं 3, 4, 10, 12, 18 में होंगे विकास कार्य
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। नगर निगम मेयर कार्यालय में वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक मेयर निखिल मदान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। मेयर निखिल मदान ने बताया कि निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डो में विकास कार्यों के लिए आज लगभग 09 करोड़ 52 लाख 09 हजार रुपए के बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई है।
बैठक में निगम आयुक्त विश्राम कुमार मीणा, सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा, कमेटी उपाध्यक्ष निगम पार्षद सुरेंद्र मदान, सह सदस्य एवं निगम पार्षद सुरेंद्र नैय्यर मुख्य रूप से मौजूद रहे। इन विकास कार्यों में 02 करोड़ 08 लाख 88 हज़ार रुपए की लागत से वार्ड 12 में लगभग 15 -16 पार्कों का सौंदर्यीकरण और जीर्णोधार किया जायेगा। जिसमे पार्कों में रंग रोगन, चारदीवारी की मरम्मत, पैदल पथ (वाकिंग ट्रैक) की मरम्मत और आवश्यकता अनुसार टाइल्स लगाना, पार्कों में आवश्यकता अनुसार नए दरवाजे लगाना और रेलिंग इत्यादि की मरम्मत करना शामिल है।
साथ ही नगर निगम क्षेत्र में 2 करोड़ 48 लाख 94 हज़ार रुपए की लागत से स्ट्रीट लाइट्स लगाने के लिए सहायक सामग्री खरीदने और लाइट लगाने का कार्य होगा। इसके अतिरिक्त 1 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से 5000 नई स्ट्रीट लाइट्स खरीदी जाएंगी। सेक्टर 14 में महर्षि दयानंद सरस्वती पार्क (हुड्डा पार्क ) का 1 करोड़ 13 लाख 52 हजार रूपए की लागत से पूरा कायाकल्प किया जायेगा। इसमें बास्केटबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट भी विकसित किये जायेंगे। साथ ही पूरे पार्क का सौंदर्यीकरण भी किया जायेगा।
वार्ड 10 की ब्रह्म कालोनी में 79 लाख 34 हजार रूपए की लागत से नई सीवरेज लाइन डाली जाएगी। वॉर्ड 18 में सेक्टर 23 की सड़कों पर रिफलेक्टर, पेंट से सफ़ेद पट्टी लगाने और कैट आई का लगाने का होगा कार्य होगा जिसमें 85 लाख 16 हजार रूपए खर्च होंगे। वॉर्ड नं 4 के कैलाशपुर गांव में 51 लाख 25 हजार रुपए से शमशान घाट का रास्ता पक्का होगा और शेड डाला जाएगा। मेयर निखिल मदान ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करवाने के लिए वो पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। इन सभी कार्यों को आगामी दिनों में धरातल पर शुरू किया जाएगा।