- मेयर निखिल मदान ने सेक्टर 15 कम्युनिटी सेंटर का किया दौरा
- जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर करवाया जायेगा काम
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। मेयर निखिल मदान वीरवार को सेक्टर 15 कम्युनिटी सेंटर पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने मेयर निखिल मदान के आगे कम्युनिटी सेंटर के हालातों पर चर्चा की और अपनी मांगें रखी। स्थानीय निवासी पवन गर्ग ने बताया कि कम्युनिटी सेंटर में जल्द से जल्द रंग रोगन और सफेदी की जरूरत है। इसके साथ-साथ कई जगहों से जर्जर हो चुके कम्युनिटी सेंटर की मरम्मत की भी आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त मौजूदा भवन का विस्तार किया जाने के भी आवश्यकता है, ताकि आम जनता इस सुविधा का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठा सके।
मेयर निखिल मदान ने सभी समस्या सुनने के बाद मौके पर ही मौजूद निगम अधिकारी परविंदर कुमार को सभी समस्याओं के स्थाई समाधान हेतु जरूरी टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए। मेयर निखिल मदान ने कहा कि अगले माह में कम्यूनिटी सेंटर के सुधार हेतु सभी आवश्यक कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। मेयर निखिल मदान ने सभी निगम वासियों को धनतेरस और दीपावली के पर्व की शुभकामनाएं दी। मेयर निखिल मदान ने बताया कि शहर के सभी मुख्य मार्गों पर निगम द्वारा नई स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है, इस दीपावली पर निगम क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर अंधेरा नहीं रहेगा। जिससे आपराधिक घटनाओं और सड़क दुर्घटना में निश्चित तौर पर कमी आयेगी। इस अवसर पर पूर्व पार्षद मोहन सिंह मनोचा, रवि ग्रोवर, मुल्तान सिंह, ओपी आंतिल, कंवल सिंह सांगवान, राजेश मिड्ढा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।