श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। प्यार-प्रेम की भावना के प्रतीक करवा चौथ के पर्व पर साथी फाउंडेशन द्वारा शहर में जगह-जगह निशुल्क मेहंदी लगाने के आयोजन किए गए। जिसमें महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने गीत गाते हुए हाथों व पैरों में मेहंदी लगवाई। श्रीराम मंदिर कबीर बस्ती, जोगी धर्मशाला रोहतक रोड, दुर्गा मंदिर ककरोई रोड, हनुमान मंदिर गोहाना रोड, महावीर कॉलोनी सामुदायिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचकर साथी फाउंडेशन के चैयरमेन एवं मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने बताया कि सभी महिलाएं करवा चौथ का पर्व उत्साह व उल्लास से मना सके, इसलिए हर वर्ष यह व्यवस्था की जाती है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की मांग को देखते हुए इस वर्ष यह आयोजन दो दिन तक चलेगा।
राजीव जैन ने कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि शास्त्रों के अनुसार कार्तिक माह की चतुर्थी के दिन सभी देवताओं की पत्नियों ने व्रत रखकर देवताओं की विजय के लिए प्रार्थना की और देवताओं की विजय होने पर ही व्रत खोलकर भोजन ग्रहण किया। तभी आकाश में चांद के दर्शन हुए, इसलिए पतियों की उन्नति व लंबी उम्र की कामना के लिए करवा चौथ के वृत की परंपरा चलती आ रही हैं। कार्यक्रम में सुमित्रा, दीपिका, रीतू, गुंजन, निशा, शालू, मुस्कान, नीलम, भारती, संतोष, मधु पूजा, रश्मि, भावना, योगिका, चांदनी, काजल, प्रिया, सोनिया, ख़ुशी आदि ने महिलाओं को मेहंदी लगायी।