श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि एक खिलाड़ी को हमेशा खेल, खेल की भावना से खेलना चाहिए। हार-जीत खेल का हिस्सा है, कभी भी खिलाड़ी को हार से निराश नहीं होना चाहिए। निरंतर अभ्यास करने वाला खिलाड़ी ही जीवन में हमेशा सफल होता है। एक खिलाड़ी के हमेशा अपने लक्ष्य के प्रति अग्रसर रहना चाहिए। विधायक सुरेंद्र पंवार हरियाणा जम्प रोप संघ के तत्वावधान में आयोजित इंटर डिस्ट्रीक्ट जम्प रोप चैम्पियनशिप में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने के उपरांत खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे।
विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि जम्प रोप खेल के प्रति खिलाड़ियों का रूझान जिस कद्र बढ रहा है, इससे आप अंदाजा लगा सकते है कि इस खेल में खिलाड़ी का भविष्य कितना उज्जवल है। जम्प रोप को एशियन खेल में भी शामिल किया गया है, उन्हें पूर्ण विश्वास है कि जल्द ही ओलंपिक खेलों की सूची में भी जम्प रोप का नाम होगा। उन्होंने कहा कि आज पढ़ाई के साथ-साथ खेल की महत्ता भी बढ गई है। आज हमारे जिले व प्रदेश के खिलाड़ी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अंतरराष्टीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे है। खिलाड़ियों की बदौलत ही विश्व में भारत का डंका बज रहा है। इसलिए माता-पिता को पढ़ाई के साथ-साथ अपने बच्चों को खेलों में अवश्य भाग दिलवाना चाहिए, ताकि मानसिक विकास के साथ-साथ शारीरिक विकास भी हो सकें। खेल सर्वांगिण विकास के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।