हरियाणा प्रदेश एक धर्म क्षेत्र है और कुरुक्षेत्र में धर्म-अधर्म की लड़ाई लड़ी गई
रणबीर सिंह, सोनीपत। श्री मद्भाग्वत कथा मानव को जीने की राह सिखाती है। हमारी समस्याओं का समाधान करती है। भागवत कथाओं के आयोजनकर्ताओं एवं श्रोताओं का कल्याण होता है। हमें भागवत श्रवण करके एक-एक श्लोक पर मनन करके जीवन में उतारना चाहिए, तभी भागवत कथा का आयोजन सार्थक होगा। शिव शक्ति धाम द्वारा गीता भवन मंदिर के प्रांगण में आयोजित श्री मद्भागवत कथा में पहुंचकर वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि हरियाणा प्रदेश एक धर्म क्षेत्र है और कुरुक्षेत्र में धर्म-अधर्म की लड़ाई लड़ी गई। इसलिए धार्मिक आयोजनों का लगातार होना इस प्रदेश की परंपरा में शामिल है। कथा व्यास गद्दी पर विराजमान परमश्रद्धेय पं. गिरधर महाराज को माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया।
मंच पर महामंडेश्वर श्रीश्री 1008 गुरु मां अंजना देवी महाराज ने समृति चिह्न भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि माताएं खाली समय में टीवी सीरियलों को देखने की बजाये भागवत जैसे महान ग्रंथों को पढ़ें, इससे हमारा मानव जीवन सार्थक होगा। पिछले एक वर्ष में सोनीपत शहर में ही 70 से ज्यादा मद्भागवत कथाओं का आयोजन हो चुका है, जिससे यह साबित होता है कि सोनीपत एक धार्मिक नगरी बनने की ओर अग्रसर होती जा रही है। राजीव जैन ने कहा कि संत-महापुरुषों के आगमन एवं धार्मिक आयोजनों से ही हमारे समाज में भाईचारा, प्यार प्रेम कायम है। अन्यथा आज भौतिकता के युग में भाई-भाई का दुश्मन है। उन्होंने भागवत भगवान के चरणों में सर्व समाज के कल्याण-उत्थान एवं सुख समृद्धि की कामना की।