- पार्षदों ने कहा, जनता की समस्या का समाधान जरूरी : : सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा
- निगम पार्षदों ने कहा, निगम अधिकारियों को भ्रष्टाचार की दे रखी है शिकायत
- पार्षदों की शिकायतों पर नहीं लिया जा रहा संज्ञान
- सेवानिवृत अधिकारी/कर्मचारी नगर कल्याण संघ ने पार्षदों के धरने का दिया समर्थन
- जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा धरना लगातार जारी रहेगा
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। नगर निगम परिसर में पिछले छह दिन से निगम पार्षदों का धरना शनिवार को भी लगातार जारी रहा। निगम परिसर में धरने पर निगम पार्षदों को शनिवार को सेवानिवृत अधिकारी/कर्मचारी नगर कल्याण संघ सोनीपत के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर नगर निगम कार्यालय में निगम अधिकारियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ चल रहे धरने का समर्थन पत्र निगम पार्षदों को सौंपा। इस दौरान धरने पर बैठे पार्षदों व आमजन ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सेवानिवृत अधिकारी/कर्मचारी नगर कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की कि जो निगम पार्षद जनता की भलाई के लिए मांग कर रहे हैं उन्हें अति शीघ्र पूर्ण करे।
इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा ने कहा कि उन्होंने पिछले 6 दिनों से अधिकारियों के सामने समस्याएं रखी हुई है, लेकिन आज तक किसी अधिकारी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो जाता तब तक धरना लगातार जारी रहेगा। निगम पार्षद अतुल जैन ने कहा कि सभी पार्षदों ने मिलकर नगर निगम अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर धरना दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में पेयजल की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। प्रॉपटी आईडी, सड़क, नाले, सीवर लाइन, पेयजल लाइन डाली जानी है, लेकिन निगम अधिकारियों का इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, नगर निगम अधिकारियों को निगम पार्षद अपने लेटर हैड पर भ्रष्टाचार की शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन शिकायतें पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सेवानिवृत अधिकारी / कर्मचारी नगर कल्याण संघ के प्रधान राजेश दहिया ने कहा कि आज शहर की जनता की समस्याओं को लेकर धरने का समर्थन दिया है। उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि ये समस्या केवल पार्षदों की नहीं है, इसलिए शहर के लोग पार्षदों के धरने का समर्थन दें। उन्होंने कहा कि पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पॉपर्टी आईडी की समस्या सभी की है। धरने का समर्थन देने आए शहरवासी ने कहा कि गर्मी में पेयजल की समस्या का सरकार ने समाधान करना चाहिए। इस दौरान सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा, पार्षद अतुल जैन, प्रिंस सरोहा, राजेश दहिया सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।