शहीद यादगार समिति सोनीपत की कार्यकारिणी का गठन
रणबीर सिंह, सोनीपत। शहीद यादगार समिति सोनीपत का सम्मेलन सर्व कर्मचारी संघ कार्यालय सोनीपत में कृष्ण वत्स की अध्यक्षता में हुआ। इसमें मुख्य वक्ता श्रद्धानंद ने ‘भगत सिंह के साम्प्रदायिकता पर विचार’ को लेकर बताया कि साम्राज्यवादी ताकतों द्वारा असल समस्या जोकि आर्थिक समस्या के साथ अमीरी गरीबी की थी, उससे ध्यान हटाने के लिए साम्प्रदायिक दंगे करवाये जाते थे। वह अपने लेखों में धर्म और साम्प्रदायिकता पर स्पष्टता और तार्किकता से रबात रखते हुए धर्म को आपसी भेदभाव बढ़ाने और देश की प्रगति में बाधक मानते थे। आज भगत सिंह को पीली पगड़ी पहनाकर या अन्य प्रतीकों के साथ अपने राजनीतिक फायदे के लिए प्रयोग किया जाता है, लेकिन उनके विचारों पर बात नहीं होती है। भगत सिंह एक अंधविश्वास मुक्त तर्कशील, विज्ञान सम्मत आधुनिक एवं विकसित भारत के निर्माण का सपना देखते थे।
इस अवसर पर शहीद यादगार समिति सोनीपत का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से श्रद्धानंद सोलंकी को मुख्य सरंक्षण, कृष्ण वत्स अध्यक्ष, सीलक राम मलिक सचिव, कृष्ण मलिक कोषाध्यक्ष, मा. चिरंजीलाल व रामेहर शर्मा उपाध्यक्ष, मा. राजपाल गुलिया सहसचिव चुना गया। कार्यकारिणी में सुनील दत्त, सतबीर धनखड, रमेश भारद्वाज, रणबीर सिंह, राजबीर मलिक, मुकेश नेहरा, महेंद्र भनवाला, कपिल देव को शामिल किया गया। नई कार्यकारिणी में फैसला लिया गया कि भगत सिंह पर विभिन्न माध्यमों से कार्यक्रम आयोजित करते हुए उनके विचारों को आम जन व युवाओं तक पहुंचाया जायेगा। साथ ही 13 अगस्त को आगाज-ए-दोस्ती अमन यात्रा का सोनीपत आगमन पर विभिन्न संगठनों को शामिल करते हुए स्वागत समिति बनाने व शांति तथा भाईचारे का समाज में संदेश पहुंचाने पर सहमति बनी।