रणबीर सिंह, सोनीपत। विधायक सुरेंद्र पंवार को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारियों ने सेक्टर-15 स्थित उनके निवास स्थान पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। जिसमें कर्मचारियों ने उनके वेतन की बढ़ोतरी, सेवाएं नियमित करने, समान वेतन भत्ते, सुविधाएं व सेवा सुरक्षा, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, स्वीकृत पदों पर अस्थाई कर्मचारी भर्ती ना किए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। विधायक सुरेंद्र पंवार ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।
विधायक सुरेंद्र पंवार को दिए ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा राज्य के सरकारी विभागों और अर्ध सरकारी निकायों के कर्मचारियों का प्रतिनिधि संगठन है। उन्होंने बताया कि उदारीकरण की नीतियों के चलते सरकार भी बाजार के ढंग से खर्च घटाने की रणनीति पर चलते हुए रोजगार के स्वरूप सेवा शर्त और वेतन ढांचे में ऐसे बदलाव कर रही है, जिनका कर्मचारियों व उनके परिवारों के हितों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। इसके चलते कर्मचारियों की कार्य क्षमता पर भी ऋणआत्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है। सरकार इसके जरिए जो प्रत्यक्ष मदद करना चाहती है, उनका प्रशासनिक दक्षता और सेवाओं की गुणवत्ता में कमी आने से नकारात्मक प्रभाव पड़ने की संभावना अधिक है।
उन्होंने बताया कि सरकार को समय-समय पर आदर्श नियोक्ताओं की तरह अपने कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करते रहना चाहिए। कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने, समान वेतन भत्ते, सुविधाएं व सेवा सुरक्षा की गारंटी मुहैया करवानी चाहिए। 2 साल की सेवा आधार पर लगे सभी प्रकार के कर्मचारियों को नियमित करने की नीति बनाई जाए। कच्चे कर्मचारियों को पक्का कर्मचारियों के बराबर वेतन भत्ते, एक्सग्रेशिया व अन्य सभी लाभ दिया जाए और सेवा सुरक्षा की गारंटी दी जाए। स्वीकृत पदों पर अस्थाई कर्मचारी भर्ती न किया जाए। किसी प्रकार के काम के लिए वर्क कॉन्ट्रेक्ट न दिया जाए। बढ़ती आयु से संबंधित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पेंशर्स को 65 से 80 वर्ष की आयु शुरू होने पर 5 प्रतिशत बृद्धि दी जाए।
निजीकरण, आउटसोर्सिंग ठेका, सार्वजनिक क्षेत्र की जमीन बेचने या लीज पर देने आदि पर रोक लगाई जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों ने अन्य मांगे भी विधायक सुरेंद्र पंवार के समक्ष रखी। विधायक सुरेंद्र पंवार ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगे पहले भी विधानसभा में पुरजोर तरीके से उठाई है। आने वाले विधानसभा सत्र में भी उनकी मांगों को मजबूती से उठाकर उनका प्रयास रहेगा कि उनकी अधिक से अधिक मांगे पूरी हो। इस दौरान सुनील दत्त, बिजेन्द्र कादयान, नवीन राणा, राजीव खत्री, रोहतास चहल, जयभगवान दहिया, जोगेन्द्र सिंह, नरेन्द्र चहल, महेन्द्र सैनी, श्याम सुन्दर, राजा भैया, शीलकराम मलिक, ओमप्रकाश, जसबीर, प्रदीप कुमार, संदीप तूर, राकेश त्यागी, महेश, देवेन्द्र, प्रवीण, मुकेश आदि मौजूद रहे।