- नगर निगम अधिकारियों की असंतोषजनक कार्यशैली को लेकर उठाए सवाल
- मुख्यमंत्री से अधिकारियों के लचर रवैए को लेकर सख्त कदम उठाने की रखी मांग
रणबीर सिंह, सोनीपत। नगर निगम मेयर निखिल मदान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर शहर के हुए विकास कार्यों की विजिलेंस जांच एवं नगर निगम सोनीपत के उच्च अधिकारियों के तबादले किए जाने की मांग की, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके। मेयर निखिल मदान ने सीएम को लिखे पत्र में बताया कि शहर में बरसाती नालों की सफाई और नव निर्माण में अधिकारियों द्वारा भारी लापरवाही बरती गई है। मानसून से पहले लगातार बोलने के बावजूद अधिकारियों द्वारा इस विषय पर गंभीरता से कार्य नहीं किया गया, जिसके कारण आज बरसात के समय शहरवासी जल भराव की समस्या झेल रहे है। इसके साथ ही शहर के सबसे अधिक जल भराव वाले क्षेत्रों में स्टॉर्म वाटर लाइन डालने के कार्य को धरातल पर लाने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए है, लेकिन इस पर अधिकारियों द्वारा कोई भी ठोस कदम नहीं उठाए गए है।
मेयर ने पत्र में आगे लिखा की शहर के बीचों बीच से गुजर रही ड्रेन नम्बर 6 को ढकने का कार्य कई वर्षों से लंबित है। जिसके चलते ड्रेन के साथ लगती कालोनियों में दूषित जल भराव की समस्या पैदा हो रही है। लेकिन नगर निगम अधिकारियों के लापरवाही भरे रवैए से कार्य गति नहीं पकड़ रहा है। जिसके चलते आमजन मानस रोज परेशानी झेल रहा है। शहर में सफाई व्यवस्था और कूड़ा उठान का कार्य कर रही एजेंसियों पर निगम अधिकारियों का कोई कंट्रोल नहीं है। जिसके चलते शहर में कूड़ों के ढेर लगे हुए है। हर माह करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी सफाई के मामले में शहर की हालत दयनीय है। इन एजेंसियों की मनमानी और निगम अधिकारियों की लापरवाही के चलते पूरा शहर कूड़े का ढेर बन चुका है।
नगर निगम सदन की बैठक में पारित प्रस्तावों पर निगम अधिकारियों का उदासीन रवैया निगम क्षेत्र के विकास में सबसे बड़ा रोड़ा है। महीनों पहले मेयर और पार्षदों द्वारा दिए गए विकास कार्यों की सूची आज भी जस की तस पड़ी है। किसी भी कार्य को निगम अधिकारियों द्वारा आगे नहीं बढ़ाया गया है। मेयर निखिल मदान ने सीएम को लिखे पत्र में कहा कि नगर निगम क्षेत्र का चुना हुआ जन प्रतिनिधि होने के कारण उपरोक्त सभी समस्याओं पर मेरा आपसे यही अनुरोध है कि इस विषय पर सख्त से सख़्त कदम उठाए जाए। साथ ही इन सभी कार्यों की विजिलेंस जांच भी करवाई जाए। नगर निगम सोनीपत के सभी उच्च अधिकारियों का तुरंत प्रभाव से तबादला किया जाए, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके।