रणबीर सिंह, सोनीपत। दिवंगत विधायक देवराज दीवान के बेटे कमल दीवान व ललित दीवान ने शहर के भगवान विश्वकर्मा चौक पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का लोकार्पण किया। उन्होंने अपने कोष से करीब तीन लाख रुपये के लगाए गए ग्रेनाइट पत्थर का भी रिबन काट कर उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललित दीवान ने सभी उपस्थितजनों को भगवान विश्वकर्मा के दिखाए गए मार्ग पर चलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को दुनिया का सबसे पहला इंजीनियर और वास्तुकार माना जाता है।
विश्वकर्मा दो शब्दों से विश्व (संसार या ब्रह्मांड) और कर्म (निर्माता) से मिलकर बना है। इसलिए विश्वकर्मा शब्द का अर्थ है दुनिया का निर्माता यानि की दुनिया का निर्माण करने वाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वकर्मा समाज के प्रधान राजसिंह जांगड़ा ने की। उन्होंने इस सहयोग के लिए दीवान चैरिटेबल ट्रस्ट का धन्यवाद किया। इस मौके पर वरिष्ट कांग्रेसी नेता सुरेश भारद्वाज, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष खुशीराम, हरियाणा प्रभारी फूलकुवांर, सुशील फौजी, गंगाराम पांचाल, रामकरण जांगड़ा, अशोक शर्मा, ओमप्रकाश, सुधीर दहिया, बिल्लु आदि मौजूद रहे।