- विधायक सुरेंद्र पंवार ने सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा, डिप्टी मेयर मनजीत गहलावत के साथ बस स्टैंड का किया निरीक्षण
बस यात्रियों व कर्मचारियों की सुनी समस्याएं
रणबीर सिंह, सोनीपत। विधायक सुरेंद्र पंवार ने सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा, डिप्टी मेयर मनजीत गहलावत के साथ बस स्टैंड सोनीपत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड के वॉशरूम, वर्कशॉप, बसों की हालत, चालक व परिचालकों के रेस्ट रूम में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बस यात्रियों, हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनी। विधायक सुरेंद्र पंवार ने बस यात्रियों व रोडवेज कर्मचारियों को उनकी समस्याओं व मांगों का जल्द से जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया। विधायक सुरेंद्र पंवार ने बस स्टैंड के वॉशरूम में जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि वॉशरूम में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है, सीवरेज का गंदा पानी जमा है।
उन्होंने कहा कि वॉशरूम में सफाई व्यवस्था पुख्ता न होना बड़े ही शर्म की बात है, एक तरफ सरकार स्वच्छता अभियान चलाने का दावा करती है। दूसरी तरफ बस स्टैंड के शौचालयों की हालत दयनीय है। इससे आमजन अंदाजा लगा सकता है कि किस तरह स्वच्छता अभियान गति पकड़ रहा है। सीवरेज का गंदा पानी ने आमजन का बस स्टैंड के अंदर प्रवेश करना दुभर कर रखा है। नगर निगम को मामले में त्वरित संज्ञान लेना चाहिए, ताकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ न हो। उन्होंने कर्मचारियों के लिए बने रेस्ट रूम में जाकर देखा तो कूलर की सुविधा नहीं है। विधायक सुरेंद्र पंवार ने बस में पहुंचकर यात्रियों से उनकी समस्याएं जानी। यात्रियों ने बताया कि धार्मिक स्थलों पर बसों की संख्या कम है, जिसकी वजह से कई-कई घंटे इंतजार करना पड़ता है।
अमृतसर के लिए सोनीपत से बस उपलब्ध नहीं है। जम्मू कटरा के लिए भी सीधी बस सेवा नहीं है। यात्रियों ने मांग की है कि सभी धार्मिक स्थानों पर बस सेवा शुरू की जाए। हरिद्वार के लिए दो की जगह चार बस प्रतिदिन जाएं, ताकि सभी क्षेत्रवासी गंगा मैय्या के दर्शन कर सकें। विधायक सुरेंद्र पंवार ने सरकार से मांग की कि सभी तीर्थ स्थानों पर जाने वाली हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में यात्रियों से आधा किराया लिया जाए। क्योंकि पैसे के अभाव में कई बार व्यक्ति तीर्थ धाम की यात्रा से वंचित रह जाता है। इसलिए सरकार द्वारा तीर्थ स्थानों पर जाने वाली बसों का किराया आधा किया जाए। रोडवेज कर्मचारियों ने बताया कि उनके लिए लॉकर की सुविधा उपलब्ध नहीं है, लॉकर की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। टिकट काऊंटर के कैबिन की हालत को भी सुधारा जाए, इसमें कुर्सी लगाई जाए व जालियों को ठीक किया जाए।
उन्होंने मांग की कि वर्ष 2016 में जो चालक भर्ती किए गए थे उन्हें पक्का किया जाए। स्टॉफ के लिए बनाई पार्किंग में शैड बनाया जाए। आनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को बंद किया जाए। विधायक सुरेंद्र पंवार ने यात्रियों व कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों को जल्द ही सरकार के समक्ष रखकर सभी मांगों व समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवाया जाएगा। बस डिपो में सफाई व्यवस्था में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उपप्रधान चंद्रहास, सचिव ऋतूराज, रोशन कौशिक, प्रेम सिंह अत्री, भलेराम जांगड़ा, प्रिंस सरोहा, संदीप मलिक, राजेश गहलावत, शीला मोर, कृष्ण मोर, बीरभान, नसीब सहित अन्य मौजूद रहे।