रणबीर सिंह, सोनीपत। भारतीय जनता पार्टी हाईकमान के निर्देशानुसार एक बार फिर से मोदी सरकार, ‘एक बार फिर भाजपा सरकार’ के स्लोगनों से सोनीपत विधानसभा में दीवार लेखन का कार्य शुरू कर दिया गया है। पार्टी के स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र में दीवार लेखन करवाने का आह्वान किया था। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कार्यकर्ताओं के साथ इस अभियान का शुभारम्भ करते हुए कहा कि 2024 में नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने इसके लिए कार्यकर्ताओं द्वारा निरंतर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 200 से ज्यादा स्थानों पर दीवार लेखन करवाया जायेगा, ताकि कमल का फूल हर मतदाता तक पहुंच सके।
राजीव जैन ने कहा कि जहां विपक्षी दल इकट्ठे होकर मोदी के खिलाफ मोर्चा बनाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं भाजपा अपने संगठन को मजबूत करते हुए चुनावी अभियान को धार देने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर तथा क्षेत्रीय दलों का अपने-अपने राज्यों में लूट-खसोट, झूठ और फरेब का शासन जनता भुगत चुकी है, इसलिए किसी भी कीमत पर इनकी दाल गलने वाली नहीं है। भाजपा नेता ने कहा कि हर बूथ पर पन्ना प्रमुख बनाने का काम तेजी से चल रहा है और 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। पन्ना प्रमुखों की वैरिफिकेशन करवाकर उन्हें पहचान पत्र दिये जायेंगे और इसके बाद सभी का एक बड़ा सम्मेलन आयोजित कर वरिष्ठ नेता विजय अभियान के लिए दिशा निर्देश देंगे।