- मेयर निखिल मदान की अध्यक्षता में नगर निगम की वर्ष 2023-2024 के लिए बजट की बैठक हुई
- नगर निगम की बजट बैठक में वरिष्ठ उप महापौर राजीव सरोहा व उप महापौर मंजीत गहलावत को दिलाई गई पद की शपथ
रणबीर सिंह, सोनीपत। नगर निगम महापौर की मौजूदगी में निगमायुक्त मोनिका गुप्ता ने वर्ष 2023-24 के तहत सोनीपत नगर निगम का 667 करोड़ रूपये का बजट पेश किया। जिसे एकमत से स्वीकृति प्राप्त हुई। इस बजट से सोनीपत वासियों को बेहतरीन मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेयर निखिल मदान ने बताया कि वर्ष 2023-2024 के लिए नगर निगम का 667 करोड़ रुपए का वार्षिक बजट पास किया गया है। सोनीपत क्षेत्र के लोगों की मूल भूत सुविधाओं को पूरा करने के लिए शुक्रवार को प्रगतिहाल में वर्ष 2023-24 बजट पेश करने के लिए नगर निगम महापौर निखिल मदान, वरिष्ठ उप-महापौर राजीव सरोहा, उप-महापौर मंजीत गहलावत तथा सभी नगर निगम पार्षदों की उपस्थित में बजट पर चर्चा बैठक का आयोजन किया गया।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष का बजट पिछले वर्ष से 110 करोड़ रूपये ज्यादा है। इस वर्ष के कुल 667 करोड़ के बजट में से 516 करोड़ रूपये नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों व अन्य कार्यों में खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों पर 347 करोड़ रूपये खर्च किए गए थे। इस वर्ष निगम को 392 करोड़ रूपये की आय होने का अनुमान है। इस दौरान सभी पार्षदों ने बजट पर चर्चा करते हुए अपनी-अपनी बातें रखी। बैठक के दौरान नगर निगम के महापौर ने नव-निर्वाचित वरिष्ठ उप-महापौर राजीव सरोहा व उप-महापौर मंजीत गहलावत को पद की शपथ दिलाई गई। सभी प्रस्तावों को सदन में सर्वसम्मति से पास किया गया।