पेड़ पौधे हमारे जीवन का अहम हिस्सा : सुरेन्द्र वर्मा
जींद। विश्व वानिकी दिवस पर डीआईपीआरओ रिटायर्ड सुरेन्द्र कुमार वर्मा ने भावी पीढ़ी व अपने सुरक्षित भविष्य के लिए पेड़ पौधे लगाओ-वन बचाओ-जीवन बचाओ के नारे के साथ जन समुदाय से पौधारोपण की अपील की है। समाज सेवी सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि वनों की जब रखवाली होगी-पृथ्वी पर तभी हरियाली होगी। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का अहम हिस्सा है। प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और बड़े होने पर उसकी देखभाल सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण को लेकर लोगों में काफी जागरूकता आ रही है फिर भी अपने घरों या आसपास अन्य खाली जगहों पर अधिक से अधिक पौधारोपण कर धरती मां को हराभरा बनाएं और वनों को बचायें। तभी मानव व प्राणी जीवन सुरक्षित रह पाएगा। मैढ़ सुनार सेवा संघ जींद एवं मैढ़ सुनार सभा जींद व अन्य सामाजिक धार्मिक स्वयं सेवी संस्थाओं ने भी वन बचाओ-जीवन बचाओ के नारे को फलीभूत करते हुए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने की लोगों से अपील की है।