आर्य 75 लाख सूर्य नमस्कार अभियान के तहत 14 फरवरी को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बढ़-चढक़र भाग लेने का किया आह्वान
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। आजादी का अमृत महोत्सव की श्रंखला में प्रदेश में चलाए जा रहे 75 लाख सूर्य नमस्कार अभियान के तहत मंगलवार को हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डा. जयदीप आर्य ने स्वयं भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर के प्रांगण में छात्राओं, शिक्षकों व कर्मचारियों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया।
आर्य ने कहा कि सूर्य नमस्कार हमारे शरीर को स्वस्थ रखने में बेहद फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि सदियों से लोग भगवान सूर्य की पूजा करते आ रहे है। शास्त्रों में भी इनकी पूजा का विशेष महत्व बताया गया हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के नजरिए से देखा जाए तो सूर्य की किरणों से आने वाला विटामिन-डी हमारे शरीर को मजबूत बनाने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों को भी दूर करने में मदद करता हैं। सूर्य नमस्कार का मतलब है सूर्य को नमन करना। अगर आप योग की शुरुआत कर रहे हैं तो इसके लिए सूर्य नमस्कार का अभ्यास सबसे बेहतर हैं।
चेयरमैन ने कहा कि मन की एकाग्रता को बढ़ाने में लाभदायक है। त्वचा को सुन्दर, शरीर को सुदृढ़ व लचीला बनाता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत प्रदेश के शिक्षण संस्थानों तथा ग्राम स्तर पर योग कार्यशालाओं में योग सहायकों द्वारा सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया जा रहा है, जिसमें ग्रामवासी, विद्यालय के बच्चों एवं अध्यापकों द्वारा बढ़-चढक़र भाग लिया जा रहा हैं। आर्य ने कहा कि 75 लाख सूर्य नमस्कार अभियान के तहत भगत फल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। उन्होंने लोगों को आह्वान किया कि इस राज्यस्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सभी जिलावासी बढ़-चढक़र भाग लें।