रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। भाजपा की वोटर लिस्ट का पन्ना प्रमुख बनाने की रणनीति का कोई तोड़ किसी राजनैतिक दल के पास नहीं है। इसी रणनीति के बल पर गुजरात में बम्पर जीत हासिल की और अब लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भी भाजपा सभी दलों को पछाड़ कर तीसरी बार परचम लहरायेगी। सोनीपत विधानसभा क्षेत्र में पन्ना प्रमुख बनाने के अभियान में जुटे मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने जैन बाग कालोनी, बावा कालोनी, वैस्ट राम नगर में बूथ अध्यक्षों की बैठक में पन्ना प्रमुख बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए और 31 जनवरी तक इस लक्ष्य को पूरा करने की अपील की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गोहाना में 29 जनवरी को होने वाली गृहमंत्री अमित शाह की रैली में बढ़ चढ़कर भाग लेने और घर-घर से मतदाताओं को रैली में ले जाने की व्यूह रचना की।
उन्होंने कहा कि भाजपा की इस रैली से कार्यकर्ताओं में लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए उत्साह का संचार होगा। राजीव जैन ने कहा कि कांग्रेस जैसा राष्ट्रीय दल संगठन न होने के कारण लगातार रसातल में जा रही है। हरियाणा में पिछले आठ वर्षों से संगठन का गठन गुटबाजी में फंसकर लटका पड़ा है, जबकि भाजपा लगातार गतिविधियों चलाकर संगठन को मजबूत करने में जुटी रहती है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी की हर परिवार को भाजपा से जोड़ने से अपील पर काम करते हुए पन्ना प्रमुख के बाद पन्ना समिति बनाने पर भी काम करेंगे।