देश की जनता कांग्रेस से 60 वर्षों की सत्ता का हिसाब मांग रही
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव जैन ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस नेता को देश की संस्कृति एवं संस्कारों का ज्ञान न हो वह किस मुंह से भारत जोड़ने की बात करते हैं। देश की संस्कृति एवं संस्कार ही देश को एक सूत्र में पिरो कर रखते हैं।
बाल भारती विद्यापीठ के प्रांगण में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में अतिथि के रूप में पहुंचे राजीव जैन ने पत्रकार द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस ही है, जिसने देश को विभाजित किया और हमेशा वोट की खातिर देश को तोड़ने वाली ताकतों के साथ खड़ी रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यात्रा को प्रायश्चित यात्रा कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यात्रा के माध्यम से सत्ता का दिवास्वप्न देख रही है जो कभी पूरा नहीं होगा। बल्कि आज देश की जनता कांग्रेस से 60 वर्षों की सत्ता का हिसाब मांग रही है और कांग्रेस को अपने काले कारनामों के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
खेल मंत्री संदीप सिंह पर लगे आरोप के बारे में उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा सरकार में ही संभव है कि आरोपों की जांच निष्पक्ष ढंग से करवाई जाती है। चंडीगढ़ पुलिस एसआईटी जांच कर रही है, इसलिए जांच अधिकारियों पर किसी प्रकार के दबाव का सवाल ही नहीं पैदा होता। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास आज कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए सरकार के खिलाफ ऊल जलूल बयानबाजी करके सरकार के खिलाफ वातावरण बनाना चाहते हैं। राजीव जैन ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी जिस निडरता से देश को एक सूत्र में बांधने, भारत का अधिपत्य दुनिया में कायम करने, गरीब लोगों का उत्थान व कल्याण करने तथा आर्थिक विकास की ऊंचाइयों पर ले जाने का काम कर रहे हैं, उससे बिल्कुल साफ है कि 2024 में देश की जनता तीसरी बार नरेंद्र मोदी को नेतृत्व सौंपेगी और विपक्षी हाथ मलते रह जायेंगे।