- गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व से पूर्व शहर में निकाले गए नगर कीर्तन संगत का मेयर निखिल मदान ने किया स्वागत
- कृष्णा चैरिटेबल सोसाइटी द्वारा मेयर कार्यालय के बाहर नगर कीर्तन संगत एवं आमजन को किया गया प्रसाद वितरण
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। मंगलवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सुजान सिंह पार्क द्वारा सिखों के दसवें गुरु श्रीगुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व से पहले शहर में सुंदर झांकियों एवं पालकी हुज़ूर के साथ नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे शहर में निकाले गए नगर कीर्तन का श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह पर पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। इसी क्रम में मेयर निखिल मदान द्वारा नगर कीर्तन का अपने कार्यालय के सामने पहुंचने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर मेयर निखिल मदान ने नगर कीर्तन में शामिल पंजप्यारों का फूल मालाओं से स्वागत किया। साथ ही नगर कीर्तन में शामिल सभी श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।
मेयर निखिल मदान ने कहा कि सिख सम्प्रदाय के दसवें गुरु श्रीगुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन एक धर्म विशेष के लिए ही नहीं, अपितु समस्त मानव जाति के लिए अपने धर्म पर अडिग रहने, देशभक्ति और वीरता का उत्कृष्ट उदाहरण है। गुरु गोबिंद सिंह जी ने स्वयं औऱ अपने चारों साहिबजादों को धर्म की रक्षा के लिए बलिदान कर दिया, लेकिन धर्म बदलना स्वीकार नहीं किया। धर्म की रक्षा के लिए गुरु गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना की। उन्होंने अन्याय, अत्याचार और पापों का खत्म करने के लिए और गरीबों की रक्षा के लिए मुगलों के साथ युद्ध लड़े। धर्म के लिए समस्त परिवार का बलिदान किया।
जिसके लिए उन्हें ‘सरबंसदानी’ (पूरे परिवार का दानी) भी कहा जाता है। इसके अतिरिक्त जनसाधारण में वे कलगीधर, दशमेश, बाजांवाले, आदि कई नाम, उपनाम व उपाधियों से भी जाने जाते हैं। इस मौके पर मेयर निखिल मदान द्वारा नगर कीर्तन में भाग ले रहे सभी श्रद्धालुओं के जलपान की व्यवस्था की गई और सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा मेयर निखिल मदान को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। मेयर निखिल मदान ने कहा कि आज हम सबको गुरु गोबिंद सिंह जी के संदेशों को अपने जीवन मे अपनाने की बेहद आवश्यकता है, ताकि हम सब एक दूसरे के काम आ सकें।