रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। लिटल एंजल्स स्कूल में वार्षिक खेल महोत्सव का आयोजन बड़ी धूमधाम किया गया। खेल समारोह में कक्षा दो से आठ के छात्रों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल, उपप्रधानाचार्या गीता अरोड़ा व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मशाल जलाकर किया गया। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित थे। सर्वप्रथम स्वागत गीत ‘हम सुमन हैं इस चमन के’ गाकर और शानदार शास्त्रीय नृत्य के द्वारा सभी का अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत थ्री लेग रेस, हर्डल रेस, फ्लैट रेस, रिले रेस, साइकिल रेस आदि हुई। जिसमें बच्चों का जोश व उत्साह देखते ही बनता था। विभिन्न दौड़ों के बाद अम्ब्रेला ड्रिल और रिबन ड्रिल प्रस्तुत कर छात्रों ने अपनी प्रतिभा का बखूबी प्रदर्शन किया।
तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा वातावरण गूंज रहा था। इस दौरान अभिभावक अपने बच्चों की प्रस्तुति को देखकर अत्यंत प्रसन्न थे। विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल ने अपने भाषण में सभी खिलाड़ियों की खेल भावना को सराहा। उन्होंने कहा कि खेल हमारे शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं, साथ ही उन्होंने पढ़ाई के महत्त्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने सभी अध्यापकों के सहयोग की भी सराहना की। उसके बाद विजेता खिलाड़ियों का पदक व प्रमाण पत्र देकर उनका हौंसला बढ़ाया गया। विद्यालय में आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में जोश व उत्साह को बढ़ाते है और वे नई उमंग के साथ आने वाली परीक्षाओं के लिए तैयार होते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।