मिताली व निकिता ने किया स्वर्णिम प्रदर्शन, प्रधान डा. ओपी परूथी व प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने दी बधाई
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। जीवीएम गर्ल्ज कालेज की छात्राओं ने राज्य स्तरीय क्वान-की-डो प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक सहित कुल छह पदक जीते। संस्था के प्रधान डा. ओपी परूथी व प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने दमदार प्रदर्शन पर बधाई देते हुए छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। जीवीएम की खेल प्रभारी अनु ने बताया कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में प्रदेश स्तरीय क्वान-की-डो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जीवीएम की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कालेज की छात्राओं ने आशाओं के अनुरूप सफल प्रदर्शन किया। कालेज की छात्रा मिताली तथा निकिता ने स्वर्ण पदक तथा काजल व तीक्षा ने रजत पदक और तन्नू व संजना ने कांस्य पदक जीते। कालेज लौटने पर विजेता छात्राओं का अभिनंदन किया गया। इस दौरान प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने कहा कि छात्राओं ने कालेज को गौरवान्वित किया है, जिसके लिए वे बधाई की पात्र हैं। छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी हिस्सा लेना चाहिए। खेलों में भी स्वर्णिम कैरियर बनाया जा सकता है। इसका लाभ खेल प्रतिभाओं को भी उठाना चाहिए।