- हरियाणा में भी लागू की गई फिल्म पॉलिसी से हरियाणावी फिल्मों को मिलेगा बढ़ावा
ग्रामीण संस्कृति और कृषि वाली गैलरी को बताया अलौकिक
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय अब देश-दुनिया से पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए बेहद ही आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। शनिवार को मुंबई से पहुंचे फिल्म अभिनेता गौरव प्रतीक ने संग्रहालय की 6 नंबर वाली फिल्म गैलरी का अवलोकन किया और इसे अच्छा बताते हुए कहा कि यहां सजाई गई दुर्लभ वस्तुएं वास्तव में ही आने वाली पीढ़ी के लिए रोचक जानकारी उपलब्ध करवाने का एकमात्र स्थान होगा। मुंबई से सोनीपत संग्रहालय पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता गौरव प्रतीक का ब्यूटीफिकेशन सोसाइटी के सदस्य सचिव राजेश खत्री के साथ अन्य वस्तु दाताओं ने फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।
झांसी के रहने वाले गौरव प्रतीक बॉलीवुड में पिछले कई वर्षों से लगातार कार्य कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने खास तौर से ग्रामीण संस्कृति और कृषि वाली गैलरी के विषय में बताया कि यह गैलरी वास्तव में ही बहुत अलौकिक रूप से तैयार हुई है, जिसमें कृषि और ग्रामीण संस्कृति की सैकड़ों वर्ष पुरानी वस्तुओं को दर्शाया गया है। ऐसी वस्तु है उन्होंने अपने जीवन में पहली बार देखी हैं। अभिनेता गौरव प्रतीक ने यह दुनिया का एकमात्र ऐसा संग्रहालय है, जिसमें रखी गई वस्तुएं सभी ओरिजिनल हैं और काफी प्रभावशाली हैं। भविष्य में इस संग्रहालय को देखने के लिए देश-दुनिया से पहुंचने वाले पर्यटक यहां काफी महत्वपूर्ण इतिहास से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और युवा पीढ़ी के लिए भी यह संग्रहालय काफी महत्वपूर्ण साबित होगा।
इस दौरान उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तारीफ करते हुए कहा कि हरियाणा में भी लागू की गई फिल्म पॉलिसी जोकि हरियाणा फिल्म प्रमोशन बोर्ड के नाम से जानी जाती है। इससे हरियाणा में फिल्में बनाने वालो को काफी फायदा होगा। इस दौरान उन्होंने यह कहा कि हरियाणवी फिल्मों को बढ़ावा देने और हिंदी फिल्मों का निर्माण करने वाले शख्सियतों को हरियाणा की ओर रुख करना चाहिए। यहां बेहद आकर्षण से संबंधित लोकेशन मौजूद है। फिल्मी पर्दे पर दर्शकों को काफी प्रभावित किया जा सकता है। इस अवसर पर विशाल, किशोरी लाल, अजय कुमार, सतीश त्यागी, प्रवीन वर्मा, प्रेम प्रकाश, राम प्रकाश कौशिक, सुलेख कुमार, जिगनेश के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।