एनएसएस व एनसीसी तथा यूनिवर्सिटी आउटरिच टीम की छात्राओं ने लिया हिस्सा
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जीवीएम गर्ल्ज कालेज की छात्राओं ने मंगलवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के विरोध में जागरूकता रैली निकाली, जिसे प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संस्था के प्रधान डा. ओपी परूथी ने रैली के सफल आयोजन पर बधाई देते हुए छात्राओं को प्रोत्साहित किया कि वे प्लास्टिक के प्रयोग को अलविदा कहें।
जीवीएम की एनएसएस इकाई तथा एनसीसी और यूनिवर्सिटी आउटरिच टीम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जागरूकता रैली में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
एनएसएस इकाई का नेतृत्व प्रभारी प्राध्यापिका रूचिका विरमानी व एनसीसी का प्रभारी ले. प्रियंका और आउटरिच टीम का नेतृत्व प्रभारी प्राध्यापिका मीतू मनोचा कर रही थी। जागरूकता रैली का शुभारंभ कालेज परिसर से किया गया, जहां छात्राओं को रवाना करते हुए प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने कहा कि प्लास्टिक के प्रयोग को लेकर जागरूकता फैलाना बेहद पुनीत कार्य है।
प्राचार्या ने कहा कि प्लास्टिक का प्रयोग हमारे पर्यावरण के लिए बहुत खतरनाक है। एकजुट होकर हमें प्लास्टिक के प्रयोग के खिलाफ खड़े होना होगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। समय रहते प्लास्टिक को न कहनी होगी अन्यथा आने वाला समय दुष्परिणामों से भरा होगा। प्लास्टिक के प्रयोग के गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। विशेष रूप से आने वाली पीढ़ी के लिए समय बहुत चुनौतियों और समस्याओं से भरा होगा। ऐसे में हमारा दायित्व बनता है कि हम स्थिति को सुधारने और नियंत्रित करने की दिशा में कदम आगे बढ़ायें। एनएसएस की प्रभारी रूचिका विरमानी ने भी कहा कि प्लास्टिक का प्रयोग किसी हर स्थिति में नुकसानदायक है।
हमें संकल्प लेना होगा कि हम प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेंगे। साथ ही अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। एनसीसी प्रभारी ले. प्रियंका ने छात्राओं को प्रोत्साहित किया कि जागरूकता की इस अलख वे बुझने न दें। घर-घर जाकर लोगों को प्लास्टिक के खतरों से अवगत करवायें, ताकि लोग स्वयं प्लास्टिक का प्रयोग बंद कर दें। इस दौरान छात्राओं ने नगर में जोरदार नारे लगाते हुए रैली निकाली। छात्राओं ने हाथों में बैनर-होर्डिंग व नारे लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। छात्राओं ने संदेश दिया कि वर्तमान व भविष्य के संरक्षण के लिए प्लास्टिक का प्रयोग न करें। प्लास्टिक के विकल्प अपनायें। प्लास्टिक लाभकारी नहीं है। इसलिए इसे बाय-बाय कर दें।