दिल्ली में होने वाली रैली को लेकर सोनीपत में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली के विषय को लेकर मंगलवार को राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार रही। उन्होंने कहा कि जो 75 पार की बात करते थे, उनको हरियाणा की जनता ने सबक सिखाया और फिर जमुना पार भेजने वाले लोग ही उनको जमुना से निकाल कर कुर्सी पर केवल लूट के मकसद को लेकर बैठा दिया। जनता अब सब जानती है, भविष्य में आयोजित होने वाले चुनाव में लोग अब कांग्रेस की ओर देख रहे हैं।
कांग्रेस आगामी 4 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक रैली का आयोजन करने जा रही है। इस रैली में हरियाणा की अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके, इस मकसद को लेकर राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उनको जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि अब हरियाणा के लोग बदलाव चाहते हैं। लोग आशा की नजर से कांग्रेस पार्टी की तरफ देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और जजपा गठबंधन सरकार ने हरियाणा का जो भट्ठा बैठा दिया है, उससे लोग बचना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में 12 पूर्व विधायक कांग्रेस पार्टी में शामिल होकर आगे बढ़ चुके हैं और हजारों अन्य पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता भी अब इस ओर देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने जनता के मत झूठ बोलकर हासिल किए । वह कभी शक्ति ताकत से आगे नहीं बढ़ पाएंगे। कुछ समय के लिए तो जरूर वह सत्ता पर विराजमान है, लेकिन भविष्य में जनता उनको सबक सिखाने का कार्य करेगी । उन्होंने कहा कि जजपा ने जो भाजपा से गठबंधन किया था वह 5 हजार मासिक बुढ़ापा पेंशन विषय को लेकर नहीं था। वह तो हरियाणा को लूटने का समझौता था। इस दौरान नगर निगम मेयर निखिल मदान सहित काफी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।