हरियाणवी स्टार अजय हुड्डा और अमित ढुल ने तिरंगा यात्रा में बांधा समां
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर शनिवार को भाजपा प्रदेश व्यवसायिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक अमित बिंदल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में शहर के युवा, महिलाओं व बुजुर्गों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। तिरंगा यात्रा में युवा अपनी-अपनी बाइकों पर सेक्टर 15 के हुडा ग्राउड में एकत्रित हुए। सेक्टर 15 ग्राउंड में हरियाणवी स्टार अजय हुड्डा और अमित ढुल ने अपनी प्रस्तुति दी। इसके उपरांत तिरंगा यात्रा शुरू हुई जो हुडा ग्राउंड से शुरू होकर गीता भवन चौक और आरओबी पार करते हुए मिशन चौक से होती हुई नई अनाजमंडी में पहुंची। यात्रा का समाजसेवी और धार्मिक संस्थाओं द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया। इस मौके पर भाजपा नेता अमित बिंदल ने कहा कि भारत देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपनी जान न्यौछावर की। आज उन्हीं की बदौलत हम खुली हवा में आजादीपूर्वक सांस ले पा रहे हैं।
ऐसे में हमारा परम कर्तव्य बनता है कि आजादी दिलाने में असंख्य लोगों के बलिदान को याद करें। भारत की आजादी के 75 साल होने पर गौरवशाली इतिहास का जश्न मना रहे है। जैसे-जैसे भारत विकास के नए शिखर की तरफ बढ़ रहा है। हमारी आशाएं आकांक्षाएं भी बढ़ रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नेतृत्व में देश तथा प्रदेश दिन दोगुणी रात चौगुणी तरक्की कर रहा है। उन्होंने जिलावासियों से आह्वान किया कि अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं। इस दौरान भारत माता की जयकारों ने माहौल को ओर भी ऊर्जा प्रदान की।
वहीं दूसरी ओर पटेल पार्क में प्रयास संस्था और लायंस क्लब द्वारा नशे से बचाव के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरों से अशोक कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए शपथ दिलाई।
वहीं जीवीएम गर्ल्ज कालेज में यूथ रैडक्रॉस इकाई के तत्वावधान में शनिवार को आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। साथ में हर घर तिरंगा अभियान के तहत छात्राओं ने 75 की संख्या के रूप में मानव श्रंखला बनाते हुए घर-घर में तिरंगा फहराने का संदेश दिया। संस्था के प्रधान डा. ओपी परूथी व प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने सफल आयोजन पर बधाई देते हुए छात्राओं को प्रोत्साहित किया कि वे घर-घर जाकर स्वयं तिरंगे लगवायें। जीवीएम की यूथ रैडक्रॉस इकाई की छात्राओं ने प्रभारी रेनू पोपली के नेतृत्व में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान चलाया। छात्राओं ने मानव श्रंखला के रूप में 75 की संख्या का रूप दिया। छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी।