- सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर मेयर निखिल मदान से मिले जिला व्यापार मंडल के सदस्य
- 75 माइक्रोन से अधिक मोटाई वाली पॉलीथिन के इस्तेमाल पर बनी सहमति
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। नगर निगम कार्यालय में मेयर निखिल मदान और जिला व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल के बीच जिले में चल रहे सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध (पॉलीथिन बैन) अभियान को लेकर बैठक हुई। बैठक में व्यापार मंडल के जिला प्रधान संजय सिंगला, जिला चेयरमैन संजय वर्मा और पॉलीथिन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएसन के प्रधान राम प्रकाश हुड्डा अन्य व्यापारियों के साथ मौजूद रहे। बैठक में नगर निगम अधिकारियों और व्यापारियों के बीच इस बात पर सहमति बनी कि सभी व्यापारी बाजार में 75 माइक्रोन और इससे अधिक मोटाई वाली पॉलीथिन ही उपयोग करेंगे।
बैठक में मेयर निखिल मदान ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि नगर निगम अधिकारी किसी भी व्यापारी को चालान काटकर नाज़ायज़ तौर पर परेशान नहीं करेंगे। लेकिन पर्यावरण संरक्षण और शहर कि सफाई व्यवस्था को कायम रखने के लिए व्यापारी वर्ग को भी पहल करनी पड़ेगी। इस पर सभी व्यापारियों ने मेयर निखिल मदान को भरोसा दिलाया कि वो तय मानकों वाली पॉलीथिन एवं अन्य प्लास्टिक उत्पादों का ही उपयोग करेंगे। मेयर निखिल मदान ने बताया कि 11 जुलाई से नगर निगम अधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ वो स्वयं विभिन्न मुख्य बाज़ारों में जाकर लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंध के बारे में जागरूक करेंगे औऱ लोगों से अपील भी करेंगे कि वो घर से ही कपड़े के थैले लेकर बाजार में आये, ताकि पर्यावरण को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।