- हरियाणा की अंतिम कुश्ती में रही प्रथम
- 5 में से 4 गोल्ड हरियाणा के नाम, 2 गोल्ड छोरियों ने लिए
चंडीगढ़। पंचकूला में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के दौरान बुधवार को कुश्ती मैचों के आखिरी दिन भी हरियाणा के खिलाडिय़ों ने अपना दबदबा बरकरार रखा। आज हुए कुश्ती के फाइनल मुकाबलों में छोरे व छोरियों ने 5 में से 4 गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इसके अलावा, 2 रजत और 2 कांस्य पदकों पर भी कब्जा किया।
80 और 92 किलोग्राम भार वर्ग कुश्ती में हरियाणा का गोल्ड
लडक़ों की 80 किलोग्राम भार वर्ग फ्री स्टाईल कुश्ती में फाइनल मुकाबला हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच हुआ। हरियाणा के सागर जागलान ने उत्तर प्रदेश के प्रवीन कुमार यादव को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया जबकि दिल्ली के मुकुल ने कांस्य पदक जीता।इसी प्रकार, 92 किलोग्राम भार वर्ग ग्रीको रोमन कुश्ती में हरियाणा के साहिल ने दिल्ली के विशाल को मात देकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया जबकि हरियाणा के नवनीत और दिल्ली के अनिल ने कांस्य पदक जीते।
55 किलोग्राम भार वर्ग कुश्ती में हरियाणा के खाते में सिल्वर
लडक़ों की 55 किलोग्राम भार वर्ग कुश्ती में हरियाणा और महाराष्ट्र के मध्य फाइनल मुकाबला हुआ। हरियाणा के सुरेंद्र ने महाराष्ट्र के वैभव पाटिल को कड़ी टक्कर दी। हालांकि गोल्ड मेडल के हकदार वैभव पाटिल बने तो वहीं सुरेंद्र ने सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। मध्य प्रदेश के श्रवण कौशल और कर्नाटक के अमित ने कांस्य पदक हासिल किए।
लड़कियों ने भी जीते 2 गोल्ड
लड़कियों की 53 किलोग्राम भार वर्ग कुश्ती में हरियाणा की अंतिम प्रथम रही। कुश्ती का फाइनल मैच हरियाणा की अंतिम और महाराष्ट्र की कल्यानी पांडुरंग के मध्य हुआ, जिसमें अंतिम ने कल्यानी को हराया और गोल्ड मेडल विजेता बनी। इसी प्रकार, हरियाणा की आरती और पंजाब की मंजीत कौर ने कांस्य पदक अपने नाम किया। लड़कियों की 65 किलोग्राम भार वर्ग कुश्ती में हरियाणा की पुलकित ने हरियाणा की ही खिलाड़ी अंजलि को हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं अंजलि को सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा जबकि महाराष्ट्र की पल्लवी अनिल और हरियाणा की वर्षा ने कांस्य पदक जीता। आज हुए इन फाइनल मैचों के साथ ही कुश्ती के मैचों का समापन हो गया। इन मैचों के दौरान दर्शकों का खिलाडिय़ों को भरपूर प्यार मिला। उल्लेखनीय है कि कुश्ती में लगातार हरियाणा के छोरे व छोरियों का दबदबा रहा और अभी तक पदक तालिका में हरियाणा अपने आपको पहले नंबर पर बनाये रखने में कामयाब रहा है।