- शाहबाद के हाकी मैदान पर खेलो इंडिया गेम्स के मैच से रचा गया नया इतिहास
- खेलो इंडिया यूथ गेम्स पुरुष हाकी के पहले मैच में उत्तर प्रदेश ने बिहार को 10-0 के अंतर से हराया, मेजबान हरियाणा की टीम का पहला मैच रहा ड्रा, खिलाडिय़ों को मिली उच्च स्तरीय सुविधाएं, एसडीएम कपिल शर्मा ने रखी प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी
शाहबाद। शाहबाद हॉकी के खेल प्रांगण में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पुरुष हॉकी लीग मैच से एक नया इतिहास रचा गया। इस खेल प्रांगण पर पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स के मैच देखने को मिले है। यह पहला मैच उत्तर प्रदेश और बिहार की टीमों के बीच खेला गया। इस मैच को हमेशा हमेशा के लिए याद रखा जाएगा। इन मैचों के शाहबाद में आयोजित करने का सारा श्रेय हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह को जाता है। इस विजन को जहन में रखते हुए शाहबाद के हॉकी खेल मैदान पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया करवाई गई है और करीब 15 करोड़ रुपए का बजट भी खर्च किया गया है। इन गेम्स के प्रबंधों पर एसडीएम कपिल शर्मा स्वयं नजर रखे हुए है। हरियाणा खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की तरफ से खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के पुरुष हॉकी लीग के पहले मैच का शुभारंभ उत्तर प्रदेश व बिहार की हॉकी टीम के बीच मैच से हुआ।
इन खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पहले मैच का अवलोकन करने के लिए हॉकी के सभी खिलाड़ी व हॉकी प्रेमी पहुंचे हुए थे। इस पहले मैच में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बिहार की टीम को 10-0 गोल के अंतर से पराजित करने का काम किया। यह शुरू से ही एक तरफा नजर आ रहा था। इसी खेल प्रांगण में दूसरा मैच मेजबान हरियाणा और पंजाब की टीम के बीच खेला गया। यह मुकाबला बड़ा रोचक रहा क्योंकि तीसरे क्वाटर तक पंजाब की टीम ने बढ़त बना कर रखी और अंतिम क्वाटर में हरियाणा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पंजाब के साथ 3-3 गोल की बराबरी की और अंत में दूसरा मैच ड्रा रहा। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी राम निवास ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के पुरुष हॉकी मैच से कुरुक्षेत्र में पहले यूथ गेम्स का आगाज हो गया है।
यह कुरुक्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण होंगे की सरकार की तरफ से तैयार किए गए अंतरराष्ट्रीय स्तर के शाहबाद हॉकी एस्ट्रोटर्फ खेल प्रांगण में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के मैच शुरू हुए है। उन्होंने कहा कि 5 जून को सुबह के सत्र में सुबह 7 बजे झारखंड और मणिपुर, सुबह 9 बजे उड़ीसा और चंडीगढ़ के बीच मैच होगा, 5 जून को सायं के सत्र में 3.30 मिनट पर पंजाब और बिहार व सायं 5.30 बजे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच मैच खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि 6 जून को विश्राम के बाद 7 जून को सुबह 7 बजे झारखंड और चंडीगढ़ तथा सुबह 9 बजे मणिपुर और ओडिशा, सायं के सत्र में 3.30 बजे उत्तर प्रदेश और पंजाब, सायं 5.30 बजे हरियाणा और बिहार के बीच लीग का अंतिम मैच खेला जाएगा।